watch-tv

AGI इंफ्रा टाउनशिप के नाम पर एक महिला समेत तीन से ठगी, दंपति व महिला साथी खुद जाली दस्तावेज बना लगाते थे मोहर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

जालंधर 13 मई। जालंधर में एक बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। जिसमें शहर की सबसे पॉश टाउनशिप एजीआई जालंधर हाइट्स में फ्लैट दिलवाने का झांसा देकर दंपति ने साथी संग मिलकर एक महिला समेत तीन लोगों से साढ़े पांच लाख रुपए की ठगी मार ली। जबकि ठगी की रकम और बड़ी हो सकती थी, लेकिन पीड़ितों को समय रहते इस धोखाधड़ी का पता चल गया। जिसके चलते उनका बचाव हो गया। इस मामले में जालंधर सिटी के थाना सदर की पुलिस ने आरोपी रोहित पुत्र प्यारा राम निवासी राम नगर और रोहित की पत्नी वनीता विशाल और रुबिना उर्फ रूबिया निवासी राम नगर के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है। तीनों आरोपियों की गिरफ्तारी अभी बाकी है। जल्द पुलिस अन्य आरोपियों को भी केस में नामजद कर सकती है।

खुद ही जाली दस्तावेज बना लगा देते थे मोहर
वहीं जांच के दौरान पता चला है कि आरोपियों की और से खुद को डीलर बताया जाता था। जिसके बाद लोगों को सस्ते दाम में एजीआई टाउनशिप में फ्लैट दिलाने का भरोसा दिलाया जाता था। आरोपियों द्वारा पेमेंट लेने के बाद खुद ही टाउनशिप के नाम से जाली दस्तावेज तैयार कर लिए जाते थे। यहीं नहीं आरोपियों ने इसके लिए जाली एजीआई के नाम से मोहर भी बना रखी थी। जिसका वह इस्तेमाल करते थे।

महिला से डेढ़ लाख ले की बुकिंग
गढ़ा रोड पर स्थित डिफैंस कॉलोनी की जगविंदर कौर ने पुलिस को बताया कि उक्त आरोपियों ने उनकी बहन जसवीर कौर को जालंधर हाइट्स-2 में फ्लैट नंबर 1004 और 2303 दिलवाने के नाम पर बुकिंग के एवज में डेढ़ लाख रुपए ले लिए। फिर एजीआई इंफ्रा की फर्जी मुहर लगाकर जाली दस्तावेज बना उन्हें सौंप दिए। जिससे उन्होंने धोखा किया।

जाली दस्तावेजों के आधार पर किया इकरारनामा
जालंधर हाइट्स-1 में रहने वाले जय गुप्ता ने बताया कि आरोपी रोहित और वनीता ने मिलकर जालंधर हाइट्स-2 पार्ट टू में फ्लैट नंबर 203-डी दिलवाने का नाम पर 2.50 लाख कैश और करीब 5 लाख रुपए का चेक ले लिया। किए गए करारनामे में आरोपी ने फर्जी दस्तावेज इस्तेमाल किए और फर्जी स्टैंप लगाकर दस्तावेज पीड़ितों को सौंप दिया। इसी तरह जालंधर हाइट्स-1 के सुनील बेरी ने कहा रोहित, वनीता और रुबीना ने जालंधर हाइट्स पार्ट-3 में फ्लैट दिलवाने के नाम पर 1.50 लाख रुपए ले लिए। उन्हें भी आरोपियों ने जाली दस्तावेज थमा दिया।

Leave a Comment