लोगों को याद आए व्यापारी नेता जगमोहन, उन्होंने रेड करने आए इनकम टैक्स अफसरों को थप्पड़ मार भगाया था
लुधियाना, 28 अक्टूबर। मंगलवार को यहां कपड़ा मंडी के नाम से मशहूर मन्ना सिंह नगर में रेड करने आई जीएसटी टीम मुसीबत
में फंस गई। व्यापारियों ने उनकी गाड़ी घेर ली और उनको सरेराह दौड़ाया। नतीजतन टीम के अफसर किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे।
सूत्रों व चर्चाओं के मुताबिक जीएसटी की टीम ने मन्ना सिंह नगर में फैशन गारमेंट्स पर रेड की। जिसकी भनक लगते ही आसपास के तमाम कपड़ा व्यापारी मौके पर पहुंच गए। इसी दौरान उनकी जीएसटी टीम के अफसरों से तीखी बहस हो गई। जब रेड करने आई टीम के अफसरों ने ज्यादती करनी चाही तो माहौल गर्मा गया। कारोबारियों ने अफसरों की गाड़ी घेर ली और उनको दौड़ाना शुरु कर दिया। बताते हैं कि अफसर किसी तरह जान बचाकर वहां से भागे। हालांकि व्यापारियों ने रेड करने आई टीम में शामिल महिला अफसर को कुछ नहीं कहा।
याद आए तेजतर्रार व्यापारी नेता जगमोहन :
मन्ना सिंह नगर की इस घटना के बाद सबको तेजतर्रार व्यापारी नेता जगमोहन शर्मा की याद आई। जिन्होंने साल 1995 में इनकम टैक्स की टीम को घेरकर अफसरों को थप्पड़ मारे थे। तब गुज्जरमल रोड पर गुरु नानक कांप्लेक्स में इस टीम ने रेड की थी। इस मामले में व्यापारी नेता जगमोहन शर्मा के खिलाफ पर्चा भी दर्ज हो गया था। जिसके विरोध में पंजाब भर के व्यापारियों ने एकजुट होकर हड़ताल भी कर दी थी।
————-





