जालंधर 20 अगस्त। कपूरथला से विधायक सुखपाल सिंह खैहरा ने जालंधर में डॉक्टर के साथ हुई वारदात की कड़ी निंदा की है। उन्होंने कहा कि “जालंधर के सबसे व्यस्त इलाके में अनगिनत लोगों की जान बचाने वाले किडनी विशेषज्ञ डॉ. राहुल सूद पर अज्ञात हमलावरों ने लूट के इरादे से गोली चला दी। एक डॉक्टर पर हमला मानवता पर हमला है। इस कठिन समय में हम उनके और उनके परिवार के साथ खड़े हैं। मुख्यमंत्री भगवंत मान तुरंत कार्रवाई करें और दोषियों को न्याय के कटघरे में लाएं।”
हरभजन सिंह के घर के पास डॉक्टर पर गोलीबारी
मंगलवार रात करीब साढ़े आठ बजे जालंधर में सांसद और पूर्व क्रिकेटर हरभजन सिंह के घर के पास यह वारदात हुई। जालंधर हाइट्स के रहने वाले डॉ. राहुल सूद अपनी कार में सब्जी लेकर लौट रहे थे। जैसे ही वह गाड़ी की ड्राइविंग सीट पर बैठे, बाइक सवार तीन हथियारबंद युवकों ने उन्हें घेर लिया। आरोपियों ने गन पॉइंट पर डॉक्टर को कार से बाहर निकालने की कोशिश की। विरोध करने पर हमलावरों ने गोली चला दी, जो डॉक्टर के पैर में लगी। इसके बाद आरोपी मौके से बाइक पर फरार हो गए। घायल डॉक्टर को आसपास के लोगों की मदद से तुरंत निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
