विधायक आफताब ने कहा, हमारा एक ही त्यौहार, पूर्व सीएम हुड्डा बोले-यह गलत, मुख्यमंत्री सैनी ने कहा मुद्दा ना बनाएं
चंडीगढ़ 27 मार्च। हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी की अगुवाई वाली भाजपा सरकार ने पहली बार प्रदेश में ईद की गजटेड छुट्टी रद कर दी है। सरकार ने ईद के पांच दिन पहले 31 मार्च की छुट्टी को रिस्ट्रिक्टेड हॉलिडे में बदल दिया है। इसे लेकर चीफ सेक्रेटरी अनुराग रस्तौगी ने लैटर जारी कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक चीफ सेक्रेटरी ने लैटर में हवाला दिया कि फाइनेंशियल ईयर 2024-25 की क्लोजिंग है, इस वजह से छुट्टी रद की गई है। 29 और 30 मार्च को वीकेंड है और 31 मार्च को वित्त वर्ष का आखिरी दिन है। राज्य में ऐसा पहली बार है, जब ईद की छुट्टी रद की गई है। यहां करीब छह फीसदी मुस्लिम आबादी है। जिसमें करीब 18 लाख मुस्लिम वोटर हैं। इसी वजह से मामला आज, 27 मार्च को विधानसभा में भी गूंजा।
कांग्रेस विधायक आफताब अहमद ने कहा कि हमारा एक ही त्यौहार होता है, ये पूरे हिंदुस्तान में मनाया जाता है। गजटेड छुट्टी को रिस्ट्रेक्टेड कर दिया। वहीं सीएम नायब सैनी ने कहा, फायनेंशियल इयर इंड होने के कारण ये फैसला किया गया है। 31 वित्तीय वर्ष का लास्ट दिन है। इस पर पूर्व सीएम भूपिंदर सिंह हुड्डा ने कहा, ये गलत है। पूरे देश में ये हो रहा है। जबकि सीएम सैनी ने कहा, इसे सदन में मुद्दा ना बनाया जाए।
————–