


मानसूनी कहर जारी : हिसार में मकान की छत गिरी, सिरसा में घग्गर ड्रेन टूटने से डूब गए हैं खेत
हरियाणा,, 8 सितंबर। हरियाणा में भी कई जिले मानसूनी कहर के चलते बाढ़ की चपेट में हैं। ऐसे में हिसार की एडीसी जयाश्रद्धा से मिलने पहुंचे किसान नेता और जिला पार्षद प्रतिनिधि संदीप

धीरणवास को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। संदीप धीरणवास का आरोप था कि नहर विभाग ने भेरिया माइनर को सूखा छोड़कर सरसाना माइनर में पानी छोड़ दिया। जिससे सरसाना व भिवानी रोहिला के गांव डूबने के कगार पर पहुंच गए। इसी मामले को लेकर वह तो एडीसी से मिलने आए थे, लेकिन पुलिस ने उल्टे उनको ही गिरफ्तार कर लिया।
दूसरी तरफ, सिरसा में घग्गर ड्रेन टूटने से खेत जलमग्न हो गए हैं। वहीं चौपटा में बारिश के बाद से हालात और बिगड़ गए हैं। सिरसा में लुदेसर से दड़बा जाने वाली रोड पर पानी भरा गया। कुरुक्षेत्र के शाहाबाद में मारकंडा नदी खतरे के निशान से 0.40 मीटर नीचे बह रही थी। फरीदाबाद में यमुना में पानी 89,544 क्यूसेक रह गया। कैथल में घग्गर नदी खतरे के निशान से एक फीट नीचे बह रही थी। हथिनीकुंड बैराज पर 48,628 क्यूसेक पानी दर्ज किया गया। सोमवार को सोनीपत, करनाल और यमुनानगर में बारिश हुई।
वहीं उकलाना के बिठमड़ा गांव में सोमवार सुबह एक घर की छत गिर गई। अच्छी बात यह रही कि हादसे से ठीक पहले परिवार के सदस्य घर से बाहर निकल आए थे। फतेहाबाद में टोहाना के गांव भोड़ी के एक मकान की नींव में बरसाती पानी चला गया। इससे मकान में दरारें आ गईं। यहां भूट्टू क्षेत्र में रविवार रात टूटी हिसार-घग्गर ड्रेन को 12 घंटे बाद ठीक कर दिया गया। बहादुरगढ़ के इंडस्ट्रियल एरिया में टूटी मुंगेशपुर ड्रेन ठीक नहीं हुई। इस वजह से छोटूराम नगर और इंडस्ट्रियल एरिया में कई फैक्ट्रियां डूबी हुई हैं।