
हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सैनी का ऐलान, सूबे के बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को मिलेगी बड़ी राहत
चंडीगढ़, 8 सितंबर। इसे संयोग कहें या राजनीतिक-प्रतिद्वंदिता, पंजाब और हरियाणा की सरकारों ने बाढ़ प्रभावितों की मदद को लेकर एक साथ बड़े ऐलान कर दिए। सोमवार को पंजाब की आम आदमी पार्टी सरकार के सीएम भगवंत सिंह मान ने बाढ़ प्रभावित के लिए बड़े ऐलान किए। इसी बीच हरियाणा की भाजपा सरकार के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने भी बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों को लेकर बड़ी घोषणाएं कर दीं।
सैनी ने कहा कि तत्काल प्रभाव से जिलों को राहत उपायों के लिए 3.6 करोड़ रुपये की रिजर्व फंड के रूप में मंजूरी दी है। इस राशि का उपयोग प्रभावित लोगों को भोजन, कपड़े, और अस्थायी आश्रय प्रदान करने, साथ ही पशुओं के लिए चारा, आवश्यक वस्तुओं जैसे पेट्रोल और डीजल, अन्य ईंधनों, राहत सामग्री के परिवहन, और ग्रामीण क्षेत्रों में जल निकासी कार्य के लिए किया जाएगा। हरियाणा के सीएम ने कहा कि राज्य में भारी बारिश से घरों के ढहने से बारह लोगों की जान चली गई। पीड़ित परिवारों को वित्तीय सहायता के लिए 48 लाख रुपये की अनुग्रह राशि की घोषणा की है।
बारिश थमने के बाद हरियाणा में यमुना, मारकंडा, बेगना, सोम व राक्षी का जलस्तर कम होने लगा है। हालांकि जीटी बेल्ट में टांगड़ी और घग्गर नदी रविवार को भी खतरे के निशान से ऊपर बह रही थीं। नदियों का पानी घटने के बाद गांवों में बर्बादी के निशान नजर आने लगे हैं और भूमि कटाव भी बढ़ गया।