सीनियर कांग्रेसी नेता बृजेंदर ने पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष व विधायक दल के नेता की अनुमति के बिना शुरू की सद्भाव यात्रा
चंडीगढ़, 6 अक्टूबर। पूर्व सांसद और हरियाणा के कांग्रेसी नेता बृजेंदर सिंह ने जींद के दनौदा गांव से अपनी ‘सद्भाव यात्रा’ की शुरुआत कर दी। इस आयोजन को लेकर राज्य के पार्टी के नेताओं में असंतोष की सुगबुगाहट भी शुरु हो गई।
इस दौरान बृजेंदर के पिता व पूर्व केंद्रीय मंत्री बीरेंद्र सिंह, राजस्थान के चूरू से कांग्रेसी सांसद राहुल कस्वां, कैथल विधायक आदित्य सुरजेवाला और अन्य स्थानीय कांग्रेसी नेता मौजूद थे। हिसार के सांसद जय प्रकाश सहित कुछ कांग्रेस नेताओं ने इसे बृजेंद्र सिंह की निजी यात्रा बताया। वहीं, नवनियुक्त प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राव नरेंद्र सिंह और कांग्रेस विधायक दल के अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने इस कार्यक्रम से दूरी बनाए रखी। दूसरी तरफ, कांग्रेस की विदेश मामलों की समिति के उपाध्यक्ष बृजेंदर सिंह ने कहा कि इस यात्रा का उद्देश्य राज्य के सभी समुदायों के बीच सद्भाव को बढ़ावा देना है। उन्होंने सत्तारूढ़ भाजपा पर राजनीतिक लाभ के लिए समाज में विभाजन को बढ़ावा देने का आरोप लगाया।
बृजेंदर ने कहा कि पिछले विधानसभा चुनाव के बाद हरियाणा में एक अजीब सी खामोशी छाई हुई है। जिसमें अप्रत्याशित परिणाम आए तो निराशा से उबरने के उपायों के बारे में सोचते हुए मेरे मन में एक यात्रा का विचार आया। मैंने इसे अपनाने का फैसला किया और पूरे राज्य में ‘पदयात्रा’ करने की अपनी उत्सुकता दिखाई।
भाजपा पर समाज में दरार पैदा करने का आरोप लगाते हुए उन्होंने कहा कि वो ‘फूट डालो और राज करो’ की नीति अपना रही है। जबकि कांग्रेस हमेशा समावेशिता की नीति अपनाती है। कुछ कांग्रेसी नेताओं की अनुपस्थिति पर उन्होंने कहा कि पार्टी आलाकमान के आशीर्वाद से यह यात्रा शुरू की है। हरियाणा और केंद्र के नेता बाद में इस यात्रा में शामिल होंगे। 7 अक्टूबर को, यात्रा कैथल ज़िले के कलायत पहुंचेगी।
————