सोनीपत, 22 सितम्बर।
हरियाणा बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष मोहनलाल बड़ौली ने सोमवार को सोनीपत में आयोजित एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि केंद्र सरकार द्वारा लागू किए गए GST सुधार देश में आर्थिक क्रांति ला रहे हैं। उन्होंने कहा कि इन सुधारों से आमजन को सीधा लाभ मिलेगा। साथ ही, उन्होंने ‘लाडो लक्ष्मी योजना’ को महिलाओं के सशक्तिकरण की दिशा में एक बड़ा कदम बताया।
बड़ौली ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश तेजी से आगे बढ़ रहा है। 15 अगस्त को लाल किले से दिए गए प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद दीपावली से पहले वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने GST काउंसिल की बैठक कर बड़े निर्णय लिए। अब 12% और 28% GST स्लैब को समाप्त कर दिया गया है।
28% स्लैब की 90% वस्तुएं अब 18% में
12% स्लैब की 99% वस्तुएं 5% में
और 5% स्लैब की 99% वस्तुएं अब करमुक्त होंगी।
उन्होंने कहा कि यह बदलाव ‘वन नेशन, वन टैक्स’ प्रणाली को मजबूती देगा।
विपक्ष पर साधा निशाना
बड़ौली ने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि उनके शासनकाल में सुधारों पर ब्रेक लगा हुआ था। उन्होंने कहा कि भाजपा ने 2014 से अब तक सुधार की दिशा में ठोस कदम उठाए हैं और जनता की जरूरतों के अनुसार समय-समय पर बदलाव किए हैं।
राहुल गांधी पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा, “राहुल गांधी को देश में अब कोई गंभीरता से नहीं लेता।” उन्होंने राहुल के पंजाब दौरे पर भी टिप्पणी की और कहा कि “उनकी बातों और हरकतों से लगता है, वह कभी भी बॉर्डर पार कर सकते हैं।”
लाडो लक्ष्मी योजना का ऐलान
बड़ौली ने कहा कि भाजपा के 2024 के संकल्प पत्र में शामिल लाडो लक्ष्मी योजना को अब लागू कर दिया गया है। 1 नवंबर से हरियाणा की महिलाओं को इस योजना का लाभ मिलेगा।
30 से 60 वर्ष की आयु वर्ग की महिलाएं इस योजना में शामिल होंगी।
आय के अनुसार तीन स्लैब बनाए गए हैं:
1 लाख तक
1 लाख से 1.80 लाख
1.80 लाख से 3 लाख
इसके लिए एक ‘सरल एप’ भी तैयार किया गया है, जिससे आवेदन प्रक्रिया सुगम होगी।
इनेलो की रैली को बताया शुभ संकेत
25 सितंबर को रोहतक में होने वाली इनेलो की रैली को लेकर बड़ौली ने कहा कि लोकतंत्र के लिए मजबूत विपक्ष जरूरी है। उन्होंने कहा कि इनेलो को अपनी खोई ताकत वापस लानी चाहिए। साथ ही कहा कि कांग्रेस की विचारधारा अब समाप्त हो चुकी है और आने वाले समय में कांग्रेस “जीरो पर आउट” हो जाएगी।
