लुधियाना 29 अप्रैल। लुधियाना में पिछले 50 सालों से शिक्षा मंदिरों और विभिन्न सोसायटियों की जमीनें हड़पने वाले लैंड माफिया और ठग्स ऑफ लुधियाना के नाम से जाने जाते सुनील मड़िया पर पंजाब सरकार द्वारा शिकंजा कसना शुरु कर दिया गया है। पंजाब सरकार द्वारा सुनील मड़िया व उसके गैंग पर कम्यूनिटी सेंटर की जमीन हड़पने के आरोप में एफआईआर दर्ज कर दी है। वहीं नगर निगम द्वारा किचलू नगर स्थित सुनील मड़िया के घर की पिछली तरफ अवैध तरीके से निकाले गेट को भी सील कर दिया है। इसी के साथ साथ मड़िया ग्रुप के मॉल रोड स्थित धोलगिरी अपार्टमेंट के फस्ट फ्लौर पर सुनील मड़िया के ऑफिस व अन्य कमर्शियल एक्टिविटी चल रही थी, जिसके चलते निगम ने फ्लौर को सील कर दिया है। पंजाब सरकार और प्रशासन द्वारा एक साथ ठग्स ऑफ लुधियाना पर एक्शन ले लिया है। बता दें कि थाना पीएयू की पुलिस ने लुधियाना इप्रूवमेंट ट्रस्ट की शिकायत पर सुनील मड़िया व उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। हालांकि आरोपी अभी फरार है। जिनकी तलाश में पुलिस द्वारा रेड की जा रही है।
कम्यूनिटी सेंटर के लिए दी जमीन, करने लगे पर्सनल इस्तेमाल
जानकारी के अनुसार लुधियाना इप्रूवमेंट ट्रस्ट की और से शिवालिक वेल्फेयर ट्रस्ट को किचलू नगर एफ ब्लॉक में करीब 2184 गज जमीन अलॉट की थी। यह जमीन विकास स्कीम के अधीन दी गई थी। जहां पर कम्यूनिटी सेंटर बनाया जाना था। लेकिन शिवालिक वेल्फेयर ट्रस्ट के प्रधान सुनील मड़िया व उसके साथियों ने वहां कोई सेंटर नहीं बनाया और जमीन की चार दीवारी कर दी और उसे पर्सनल इस्तेमाल के लिए रख लिया। जब इस संबंध में एलआईटी को पता चला तो अधिकारियों ने मौके पर जांच की। जहां पता चला कि अंदर एक ऑफिस और कमरा बना है, जबकि बाकी जगह प्लेग्राउंड बना रखे हैं। इस तरह करके मड़िया व उसके साथियों ने झूठे बोलकर नियम तोड़ें हैं।
राजनेताओं की शह पर बनाया ठगी का सामराज्य
चर्चा है कि सुनील मड़िया की और से विभिन्न राजनेताओं की शह पर अपना ठगी का सामराज्य बनाया था। राजनेताओं की छत्रछाया में सरकारी विभागों से जमीनें अलॉट करवाई और फिर कब्जे कर लिए। वहीं शहर में चर्चा है कि सुनील मड़िया, उसका बेटा गौरव मड़िया व बाकी साथी इतने शातिर है कि उसकी और से समय समय पर रही सरकारों के राजनेताओं के साथ नजदीकियां बनाकर रखी, ताकि वे अपने इस जमीनें कब्जाने और ठगियां मारने के कारोबार को बरकरार रख सके।
पार्क में खोल रखा था घर का गेट
जानकारी के अनुसार सुनील मड़िया का किचलू नगर में घर है। उसके घर के पीछे पार्क है। सुनील मड़िया द्वारा पार्क की तरफ अवैध तरीके से घर का गेट खोल रखा था। नगर निगम को इसकी शिकायत मिली। जिसके चलते पहल के आधार पर एक्शन लेते हुए उसे सील कर दिया गया है।
जल्द शिवालिक स्कूल की जमीन में भी होगा एक्शन
जानकारी के अनुसार सुनील मड़िया द्वारा अकेले न्यू हाई स्कूल, धोलगिरी अपार्टमेंट और कम्यूनिटी सेंटर में ही घोटाला नहीं किया। बल्कि उसकी और से रिषी नगर में शिवालिक वाला दून स्कूल के नाम पर भी एक बड़ा स्कैम कर रखा है। उसने ट्रस्ट से स्कूल के नाम पर करीब 5000 गज जमीन ली थी। लेकिन फिर उसे कब्जा लिया और उसे अपने पर्सनल इस्तेमाल में लगा लिया। जल्द इस मामले में भी एक्शन हो सकता है।
फंड मिसयूज में भी होगी कार्रवाई
जानकारी के अनुसार मड़िया, उसके बेटे और साथियों पर न्यू हाई स्कूल में घोटाला करने के आरोप में एफआईआर दर्ज हुई थी। इस मामले में जांच के दौरान कई अहम सबुत मिले। जिससे पता चला कि स्कूल के खाते से मड़िया ने अपनी बेटी, जवाई और कई कंपनियों के पर्सनल खातों में फंड ट्रांसफर किया है। जिसके सभी प्रूफ प्रशासन को मिल चुके है। जल्द सरकार इस मामले में सख्त एक्शन लेने जा रही है।
रिहायशी अपार्टमेंट में चल रही थी कमर्शियल एक्टिविटी
मड़िया ग्रुप का मॉल रोड पर धोलगिरी अपार्टमेंट है। जिसमें कमर्शियल एक्टिविटी चल रही थी। इस संबंध में अपार्टमेंट के रेजिडेंट्स द्वारा कोर्ट केस भी कर रखा है। कोर्ट द्वारा इस कमर्शियल एक्टिविटी के चलते उसे सील करने के आदेश दिए थे। जिसके बाद निगम की बिल्डिंग ब्रांच द्वारा अपार्टमेंट के फस्ट फ्लौर को सील कर दिया है।
निगम अफसरों ने फिर दिया सरकार को गच्चा
जानकारी के अनुसार निगम अधिकारियों द्वारा एक तरफ धोलगिरी अपार्टमेंट मामले में एक्शन तो लिया है, लेकिन कही न कही सुनील मड़िया को बचाने का भी प्रयास साथ में जारी है। विभागीय अधिकारी कोर्ट के साथ साथ सरकार को भी गच्चा दे रहे हैं। क्योंकि निगम ने खुद कोर्ट में लिखकर दिया है कि ग्राउंड फ्लौर पर बने अवैध शोरुम डेढ़ साल से सील है। लेकिन वे शोरुम आज भी चल रहे हैं। मंगलवार को अधिकारियों ने कार्रवाई तो की लेकिन आधी आधूरी ही। क्योंकि ग्राउंड फ्लौर पर एक्शन लिए बिना छोड़ दिया। जिससे साबित होता है कि आज भी सुनील मड़िया का पूरा दबदबा कायम है।