watch-tv

प्रेमी संग भागी लड़की, बेइज्जती के डर से पिता ने फंदा लगा की खुदकुशी, युवक व परिवार पर पर्चा दर्ज

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

जगराओं 15 अप्रैल। जगराओं के गांव बरसाल में प्रेम प्रसंग के चलते घर के सामने रहने वाली एक लड़की को युवक शादी का झांसा देकर भगा ले गया। इसका पता चलते ही लड़की के पिता ने लोकलाज के भय से फांसी का फंदा लगाकर अपनी जान दे दी। मृतक की पहचान गांव बरसाल के गुरअवतार सिंह के रूप में हुई है। थाना सदर पुलिस ने आरोपी लड़के समेत उसकी मां, बहन व जीजा पर मामला दर्ज कर लिया। आरोपियों की पहचान जश्नप्रीत सिंह, ऊषा रानी निवासी गांव बरसाल सनमप्रीत कौर उर्फ सिम्मी व मनोहर सिंह निवासी तुगल के रूप में हुई है। जानकारी देते हुए चौकीमान पुलिस चौकी के इंचार्ज रणधीर सिंह ने बताया कि मृतक गुरअवतार की पत्नी दविंदर कौर ने बताया कि उसका पति ड्राइवर था। वह खुद बुटिक की दुकान पर काम करती है। जबकि उनकी बेटी यूनिवर्सिटी में कॉल सेंटर में नौकरी करती है। वहीं पर आरोपी युवक जश्नप्रीत सुरक्षागार्ड की नौकरी करता है। उन्होंने बताया दो दिन पहले उनकी बेटी काम पर गई, लेकिन शाम तक वापस नहीं लौटी तो उन्होंने बेटी की तलाश शुरू की।

नौकरी से छुट्टी लेकर गई लड़की

यूनिवर्सिटी में पता चला कि लड़की 3 बजे ही छुट्‌टी लेकर चली गई। जिसके बाद पुलिस को शिकायत दर्ज करवाई तो पुलिस ने अपने स्तर पर पता करने की बात कह कर मामले की जांच शुरू कर दी। इसी दौरान उन्हें पता चला कि आरोपी लड़का भी अपने घर पर नहीं है । जिसके बाद उन्हें यकीन हो गया कि आरोपी लड़का ही अपनी मां, बहन व जीजा के साथ मिलकर उनकी बेटी को शादी का झांसा देकर भगा कर ले गया।

पत्नी को  फोन कर की खुदकुशी
दविंदर अनुसार वह इस दौरान बेटी की तलाश में अपने देवर के घर चली गई। जबकि उसका पति गांव बरसाल में अकेला था। इस दौरान उसके पति का फोन आया कि वह आत्महत्या करने लगा है। वह लोगो के ताने नहीं सुन सकता है। आरोपियों ने उसकी बेटी को भगाकर उसे बेज्जत करने की कोशिश की है। इसी से दुखी होकर वह यह कदम उठा रहा है। अपने पति का फोन सुनकर वह तुरंत देवर के साथ अपने घर गांव बरसाल पहुंची। तो उसका पति चुनरी के सहारे फंदे से लटक रहा था।

Leave a Comment