आर्मी से कैरियर किया शुरु, कारगिल-द्रास में दे चुकीं सेवा
चंडीगढ़ 29 दिसंबर। भारतीय पुलिस सेवा की 2015 बैच की अधिकारी गीतांजलि खंडेलवाल ने चंडीगढ़ की नई एसपी बतौर कार्यभार संभाल लिया। इससे पहले वह उत्तर और मध्य अंडमान जिलों की एसपी के रूप में ढाई वर्ष तक अपनी प्रभावशाली सेवाएं दे चुकी हैं।
जानकारी के मुताबिक खंडेलवाल ने अंडमान और निकोबार द्वीप समूह में अपने कार्यकाल के दौरान कई ऐतिहासिक उपलब्धियां हासिल की थीं। उनके नेतृत्व में समुद्री जैव विविधता की रक्षा के लिए व्यापक एंटी-पोचिंग ऑपरेशन चलाए गए। इन अभियानों में समुद्री ककड़ी जैसे कीमती जीवों के अवैध शिकार पर रोक लगाने और विदेशी शिकारी मछुआरों पर कड़ी कार्रवाई की गई।
उन्होंने युवाओं को सशक्त करने और अपराधों की रोकथाम के लिए जागृति और दिशा जैसी पहल शुरू की। इसके लिए उन्हें एंटी-काउंटरफिटिंग एंड एंटी- स्मगलिंग अवार्ड्स 2023-24 में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शनकर्ता के रूप में सम्मानित किया गया। खंडेलवाल ने मजबूत खुफिया तंत्र विकसित कर गौ-तस्करी के बड़े रैकेट का पर्दाफाश किया। उनके प्रयासों से कई कैरियर गाइडेंस और मेंटरशिप कार्यक्रम शुरू किए गए। जिससे क्षेत्र के युवाओं को अपने सपनों को साकार करने का मौका मिला।
———-