लुधियाना 30 मई। फोकल प्वाइंट स्थित राजीव गांधी कॉलोनी में लुधियाना में चाय बनाते हुए अचानक गैस लीकेज के बाद सिलेंडर फट गया। इस धमाके में महिला व उसका 10 साल का बेटा झुलस गए। धमाके के बाद मलबा आसपास के घरों में बिखर गया। धमाके से इलाके में अफरा-तफरी मच गई और लोग भी वहां पहुंच गए। मां बेटे को सिविल अस्पताल ले जाया गया। लेकिन वहां से बच्चे को पीजीआई रेफर कर दिया गया। दोनों की पहचान सोनू व ललिता के रुप में हुई है। जानकारी के अनुसार ललिता अपने बेटे सोनू के लिए नाश्ता बना रही थी। इस दौरान जब वह चाय बनाने लगी तो अचानक गैस सिलेंडर फट गया और घर में आग लग गई। शोर सुनकर आसपास के लोगों ने किसी तरह उसे और उसके बेटे को घर से बाहर निकाला लेकिन तब तक बेटा जल चुका था।
फैक्ट्री में नौकरी कर चला रही घर
ललिता ने बताया कि वह विधवा है। घर चलाने के लिए वह एक फैक्ट्री में काम करती है। यह हादसा सुबह करीब आठ बजे हुए। ललिता के अनुसार आग तेजी से फैली। जिस कारण पूरा कमरा चपेट में आ गया। जिसके बाद फायर ब्रिगेड को भी सूचना दी गई, जिसने मौके पर आकर आग पर काबू पाया।