गुरुग्राम में निधन, चरखी दादरी में अंतिम यात्रा निकाल किया संस्कार
हरियाणा 3 मार्च। सूबे के पूर्व सहकारिता मंत्री सतपाल सांगवान का निधन हो गया है। वह लीवर कैंसर के मरीज थे, जिसके चलते कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रहे थे। उन्होंने सोमवार तड़के 2 बजकर 45 मिनट पर गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में अंतिम सांस लीं। सोमवार सुबह ही उनका पार्थिव शरीर चरखी दादरी के लोहारू रोड स्थित उनके निवास स्थान पर लाया गया।
यहां शव को अंतिम दर्शन के लिए रखा गया। यहां सबसे पहले पूर्व विधायक रणसिंह मान, कांग्रेसी नेता राजू मान, दादरी नगर परिषद चेयरमैन बख्शी राम सैनी ने दर्शन किए। इनके बाद बाढड़ा से भाजपा विधायक उमेद पातुवास, बाढड़ा के पूर्व विधायक रणबीर सिंह मंदोला और उचाना से भाजपा विधायक देवेंद्र अत्री ने भी पहुंचकर श्रद्धांजलि दी। दादरी से अंतिम यात्रा शुरू होकर उनके पैतृक गांव चंदेनी पहुंची। जहां नमों आंखों से हजारों लोगों ने उनका अंतिम संस्कार किया।
यहां गौरतलब है कि वर्तमान में सतपाल सांगवान के बेटे सुनील सांगवान दादरी से भाजपा विधायक हैं। वहीं, सतपाल की पौत्री नव्या सांगवान सेना में लेफ्टिनेंट हैं। गत दिवस सीएम नायब सैनी ने भी अस्पताल पहुंचकर उनका हालचाल जाना था।
————-