फॉगिंग को तय समय से पहले शुरू की जाए : रेखा

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

नई दिल्ली, यूटर्न/ 16 जुलाई। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने बुधवार को कहा कि मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग को तय समय से पहले शुरू कर दी जाए ताकि कीट जनित रोगों का फैलाव पहले से ही रोका जा सके।
श्रीमती गुप्ता की अध्यक्षता में आज डेंगू, मलेरिया और चिकनगुनिया जैसे वेक्टर जनित रोगों की रोकथाम और नियंत्रण को लेकर उच्चस्तरीय बैठक की गई।
मुख्यमंत्री ने आला अधिकारियों को निर्देश दिए कि मच्छरों की उत्पत्ति पर चालान काटने से पहले दो बार चेतावनी दी जाए।
उन्होंने यह भी कहा कि मच्छरों की रोकथाम के लिए फॉगिंग(धुआं छोड़ना) को तय समय से पहले शुरू कर दी जाए, ताकि कीट जनित रोगों का फैलाव पहले से ही रोका जा सके। इन रोगों को लेकर आगामी दो माह बेहद महत्वपूर्ण हैं, इसलिए पहले से ही तैयारी जरूरी है। इसके लिए जागरुकता, निगरानी और कार्रवाई जरुरी है। मुख्यमंत्री ने कहा कि कीट जनित बीमारियों का प्रकोप अभी दिल्ली में फैला नहीं है, इसके बावजूद हमें सतर्क और एक्शन में आ जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अधिकारी और कर्मचारी मच्छरों के प्रजनन को रोकने के लिए सारे उपाय करें और इस अभियान में लोगों को भी शामिल करें। इसके लिए सभी प्रकार के प्रचार माध्यमों का उपयोग किया जाए। उन्होंने कहा कि स्कूलों, पार्कों, खुले स्थानों, अस्पतालों आदि में मच्छरों की उत्पत्ति रोकने के विशेष प्रयास किए जाएं।
उन्होंने कहा कि जिन घरों या स्थानों में मच्छर की उत्पत्ति पाई जाती है, वहां चालान काटने से पहले दो बार चेतावनी दी जाए, ताकि लोग जागरुक हो जाए और मच्छरों से बचाव के उपाय खुद ही तलाशें। श्रीमती गुप्ता ने जानकारी दी कि अब तक 5,09,524 घरों में फॉगिंग और मच्छर नाशक स्प्रे का कार्य किया जा चुका है। इसके अलावा, 71,086 घरों में मच्छरों के लार्वा पाए गए जिन्हें मौके पर ही नष्ट किया गया। उन्होंने बताया कि डेंगू से निपटने के लिए हर स्तर पर एक समन्वित प्रयास की आवश्यकता है।
जनता को जागरूक करना, सार्वजनिक स्थलों की नियमित सफाई सुनिश्चित करना और तकनीक के माध्यम से निगरानी को और प्रभावी बनाना हमारी प्राथमिकता है।

Leave a Comment