लुधियाना 3 मई। शहीद भगत सिंह नगर की मास्टर कॉलोनी के एक प्लॉट का सौदा कर सारी पेमेंट लेने के बाद भी बाप बेटे ने रजिस्ट्री नहीं करवाई। आरोपियों द्वारा 30 लाख रुपए लेकर न तो रजिस्ट्री करवाई और न ही पेमेंट वापिस की। पीड़ित ने इस संबंध में 25 जनवरी 2023 को पुलिस को शिकायत दी। सवा साल की लंबी जांच के बाद पुलिस ने पर्चा दर्ज किया है। थाना सदर की पुलिस ने भामियां कलां के राकेश सिंह की शिकायत पर शहीद भगत सिंह नगर के कुलविंदर सिंह और सिमरनदीप सिंह के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। एएसआई प्रितपाल सिंह ने बताया कि आरोपी कुलविंदर सिंह दूसरे आरोपी सिमरनदीप का पिता है। शिकायतकर्ता के साथ आरोपियों ने शहीद भगत सिंह नगर की मास्टर कॉलोनी में 130 गज का सौदा किया था। यह सौदा 30 लाख रुपए में हुआ था। शिकायतकर्ता के अनुसार आरोपियों द्वारा बयाना लेने के बाद बाकी की सारी पेमेंट ले ली गई। लेकिन बाद में रजिस्ट्री कराने को टाल मटोल करनी शुरु कर दी। शिकायतकर्ता को ठगी की आशंका हुई तो उसने आरोपियों से पेमेंट वापिस मांगी। लेकिन न तो आरोपियों ने रजिस्ट्री करवाई और न ही पेमेंट वापिस की।
