विपक्षी कौंसलरों का आरोप समय रहते रोड जालियां नहीं कराईं साफ, मेयर की दलील-शिकायत नहीं मिली
लुधियाना, 29 जून। पंजाब की सबसे बड़ी नगर निगम लुधियाना राजस्व के मामले में भी सबसे ‘अमीर’ मानी जाती है। हालांकि हर साल बरसात में शहर के आउटर-एरिया ही नहीं, पॉश इलाकों में भी भारी जलभराव हो जाता है। फिलहाल लुधियाना निगम की सत्ता आम आदमी पार्टी संभाल रही है। वहीं, विपक्षी कौंसलर मानसून शुरु होने के बावजूद महानगर के ज्यादातर वार्डों में रोड जालियां तक साफ ना होने के इलजाम लगा रहे हैं। विपक्षी कौंसलरों की मानें तो पड़ोसी सूबों हरियाणा व हिमाचल प्रदेश के अलावा सिटी ब्यूटीफुल में भी मानसूनी बारिश से हालात संगीन हैं। अगर पंजाब में आज-कल के दौरान भारी बारिश हो गई तो लुधियाना शहर का डूबना तय है। विपक्षी पार्टियों के कौंसलरों के इलजाम में इसलिए भी दम नजर आता है कि अरसे से महानगर में यह समस्या बनी है। बरसात में शहरभर में जलभराव की समस्या होती है।
वार्ड 59 में सिर्फ 50 फीसदी रोड-जालियां ही साफ कीं :
वार्ड 59 से कांग्रेसी कौंसलर सोनल शर्मा काका के पति पंकज शर्मा काका ने इस बाबत संगीन इलजाम लगाया। उनके मुताबिक निगम अधिकारी ने उनसे आकर कहा कि इस वार्ड में 90 फीसदी रोड जालियां साफ हो चुकी हैं। लिहाजा उनके रजिस्टर पर साइन कर दें। जबकि हकीकत में महज 50 फीसदी ही रोड जालियां साफ हुई थीं। काका ने रोष जताया कि लुधियाना वैस्ट विधानसभा हल्के में उप चुनाव के चलते करीब तीन महीने से नगर निगम प्रशासन का सारा फोकस भी वहीं पर था।
वार्ड 62 में भी जलभराव की आशंका : मौदगिल
वार्ड 62 से भाजपा कौंसलर सुनील मौदगिल भी नगर निगम प्रशासन की कार्यशैली से संतुष्ट नहीं हैं। उनके मुताबिक निगम प्रशासन ने मानसून के मद्देनजर समय रहते बेहतर तैयारी नहीं की। भाजपा के दो बार जिला महामंत्री रहे मौदगिल ने कहा कि वह पार्टी के जिला प्रधान रजनीश धीमान के साथ इस मुद्दे पर मेयर इंदरजीत कौर से मुलाकात करेंगे। ताकि मानसून में होने वाली समस्या के मद्देनजर निगम की सीवरमैन की एक अलग विंग बनाई जाए।
लापरवाही की कोई शिकायत नहीं मिली : मेयर
इस मामले में मेयर प्रिंसिपल इंदरजीत कौर ने दावा किया कि मानसून के मद्देनजर रोड जालियां पूरी तरह साफ नहीं किए जाने के बारे में उनको कोई शिकायत नहीं मिली। साथ ही उन्होंने दलील दी कि हर कौंसलर को इस बारे में तस्दीक के बाद बाकायदा सफाई मुहिम चलाने वाली निगम टीम के रजिस्टर में साइन करने को कहा गया था। अगर किसी वार्ड में गलत तरह से तस्दीक कराने का आरोप है तो संबंधित कौंसलर को शिकायत करनी चाहिए थी। संबंधित निगम अधिकारी के खिलाफ जरुर एक्शन लिया जाता। मेयर ने यह भी कहा कि अगर कौंसलर मानसून में रोड जालियों की सफाई व जलभराव की समस्या से निपटने को अलग से कोई विंग बनवाना चाहते हैं तो उस पर भी विचार किया जाएगा।
————-