10 अक्टूबर —
दिल्ली क्राइम ब्रांच ने दो चरस तस्करों को गिरफ्तार किया है। उनके पास से 80 लाख रुपये की चरस बरामद हुई है। आरोपी, जिनकी पहचान सागर सेजवाल और मनोज संसनवाल के रूप में हुई है, त्योहारों के मौसम में दिल्ली में चरस की आपूर्ति करने वाले थे। पुलिस ने उनके कब्जे से चरस और आपूर्ति में इस्तेमाल होने वाली कार को जब्त कर लिया है। कार में ले जा रहे दो किलोग्राम से अधिक की चरस के साथ क्राइम ब्रांच की टीम ने दो तस्करों को गिरफ्तार किया है। बरामद चरस की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 80 लाख रुपये बताई गई है। उपायुक्त संजीव कुमार यादव के मुताबिक, आठ अक्टूबर को गुप्त सूचना मिली थी कि एक अंतरराज्यीय ड्रग कार्टेल के दो सदस्य चरस की आपूर्ति के लिए दिल्ली आने वाले हैं। सूचना पर एसीपी संजय कुमार नागपाल की देखरेख में और इंस्पेक्टर मंगेश त्यागी और इंस्पेक्टर राबिन त्यागी के नेतृत्व में टीम गठित की गई। टीम ने सिंघु बार्डर में जाल बिछाते हुए सागर सेजवाल और मनोज संसनवाल नामक आरोपितों को दबोच लिया। उनके कब्जे से कुल 2.070 किलोग्राम चरस जब्त की गई।
आरोपी सागर को पहले 2017 में हिमाचल प्रदेश में चरस दिल्ली ले जाते समय गिरफ्तार किया गया था और लगभग 23 महीने तक न्यायिक हिरासत में रहा। 2019 में रिहा होने के बाद, उसने फिर से दिल्ली में चरस की आपूर्ति शुरू कर दी। वहीं मनोज 2020 में सागर के संपर्क में आया और शुरू में उससे प्राप्त चरस का सेवन करने लगा। धीरे-धीरे, वह चरस की बिक्री में शामिल हो गया, मुख्य रूप से कुतुब इंस्टीट्यूशनल एरिया और आईआईटी दिल्ली के छात्रों को इसकी आपूर्ति करता था। इसके बाद, वह सागर के साथ हिमाचल प्रदेश जाने लगा और चरस को दिल्ली लाने में उसकी सहायता करने लगा।
