नेपाल की प्रसिद्ध संस्था शब्द प्रतिभा ने इस अवसर पर कविता प्रतियोगिता करा सम्मानित किया
लुंबिनी, चंडीगढ़, 5 अक्टूबर। शिक्षण को एक सहयोगी पेशे के रूप में पुनर्निर्धारित करें, मूल नारे के साथ अंतर्राष्ट्रीय शिक्षक दिवस पर विभिन्न कार्यक्रम हुए। नेपाल की प्रसिद्ध संस्था शब्द प्रतिभा बहुक्षेत्रीय सम्मान फाउन्डेशन द्वारा इस अवसर पर अंतर्राष्ट्रीय शिक्षक दिवस कविता प्रतियोगिता का आयोजन किया गया।
जानकारी के मुताबिक इस अवसर पर चंडीगढ़ के वरिष्ठ शिक्षक व साहित्यकार डॉ. संदीप कुमार को साहित्य सृजन और शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान के लिए अंतर्राष्ट्रीय शिक्षक रत्न मानद उपाधि से सम्मानित किया गया। उनकी कई रचनाएं देश-विदेश की विभिन्न पत्र पत्रिकाओं में प्रकाशित हुई हैं। साहित्य सृजन व शिक्षा विकास के लिए उत्कृष्ट कार्य हेतु दर्जनों प्रतिष्ठित राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय सम्मान पुरस्कार भी मिल चुके हैं। कवि डॉ. संदीप कुमार चंडीगढ़ के सेक्टर 18 में स्थित द न्यू पब्लिक स्कूल में वरिष्ठ हिंदी शिक्षक हैं।
इन्हें सम्मानित करते हुए संस्था के संस्थापक अध्यक्ष आनन्द गिरि मायालु ने कहा कि शब्द प्रतिभा द्वारा आयोजित आयोजनों में डॉ.संदीप कुमार जैसे शिक्षक आज अपनी बहुमुखी प्रतिभा के बल पर देश विदेश में नाम रोशन कर रहे हैं। संस्था बहुक्षेत्रीय प्रतिभाओं को निस्वार्थ भाव से प्रोत्साहित करती आई है। संस्था अपनी ईमानदारिता और लगनशीलता से आज विश्व के एक दर्जन से अधिक देशों में अपनी पहचान बनाने में सफल रही है। संस्था की ओर से डॉ. संदीप के उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं प्रेषित की गई हैं।
————