हिसार-रोहतक समेत 7 निगम, 33 पालिका-परिषदों में एक साथ वोटिंग, पानीपत की अलग होगी
चंडीगढ़ 4 फरवरी। हरियाणा में निकाय चुनाव का ऐलान हो गया है। 7 नगर निगमों समेत 40 निकायों में 2 मार्च को वोटिंग होगी। जबकि पानीपत नगर निगम में वोटिंग 9 मार्च को होगी। सभी जगह के नतीजे एक साथ 12 मार्च को आएंगे।
प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी धनपत सिंह ने मंगलवार को चंडीगढ़ में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि निकाय चुनाव के लिए पानीपत को छोड़कर बाकी सभी जगह 5 फरवरी को नोटिफिकेशन होगा। नामांकन 11 फरवरी को शुरू होंगे, जो 17 फरवरी तक चलेंगे। 19 फरवरी तक नामांकन वापस लिए जा सकेंगे।
हालांकि पानीपत में नामांकन 21 से 27 फरवरी तक होंगे। यहां 28 फरवरी को नामांकन की पड़ताल और 1 मार्च तक वापस लिए जा सकेंगे। मुख्य निर्वाचन आयुक्त धनपत सिंह ने बताया कि अभी पानीपत नगर निगम की वोटर लिस्ट फाइनल नहीं हो पाई है। संभवत: 18 फरवरी तक लिस्ट फाइनल हो जाए, इस कारण से पानीपत के चुनाव अलग कराए जा रहे हैं।
चुनाव की घोषणा के साथ ही प्रदेश में आचार संहिता लागू हो गई है। इस दौरान सरकार को अपने स्तर पर ट्रांसफर करने और विकास कार्यों के टेंडर निकालने पर रोक लगा दी गई है। ट्रांसफर के लिए पहले आयोग से परमिशन लेनी होगी। वहीं पुराने विकास कार्य जारी रह सकेंगे।
————-