watch-tv

दीप सिद्धू के भाई लड़ेंगे गिद्दड़बाहा से उपचुनाव, सांसद अमृतपाल के पिता और खालसा ने दिया समर्थन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

मुक्तसर 15 सितंबर। पंजाबी एक्टर और ‘वारिस पंजाब दे’ संस्था के संस्थापक दीप सिद्धू के भाई मनदीप सिंह सिद्धू गिद्दड़बाहा विधानसभा सीट पर होने वाला उपचुनाव लड़ेंगे। खालिस्तान समर्थक लोकसभा सांसद अमृतपाल के पिता और इंदिरा गांधी की हत्या करने वाले बेअंत सिंह के बेटे व फरीदकोट के सांसद सर्बजीत सिंह खालसा ने उनकी उम्मीदवारी का ऐलान किया। अमृतपाल इस समय असम की डिब्रूगढ़ जेल में बंद है। अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह और सांसद सर्बजीत सिंह खालसा ने अपने गिद्दड़बाहा दौरे के दौरान मनदीप सिद्धू को पंथक उम्मीदवार घोषित किया। दोनों ने उनके लिए गिद्दड़बाहा में नुक्कड़ सभाएं भी कीं। 2022 में पंजाब विधानसभा चुनाव में मुक्तसर जिले की गिद्दड़बाहा सीट से कांग्रेस के अमरिंदर सिंह राजा वड़िंग विधायक चुने गए थे। 2024 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी ने राजा वड़िंग को लुधियाना सीट से चुनाव लड़वाया जहां से वह विजयी रहे। लोकसभा मेंबर चुने जाने के बाद राजा वड़िंग ने जून में ही गिद्दड़बाहा सीट के विधायक पद से इस्तीफा दे दिया। अब नियमानुसार इस सीट पर 6 महीने में उपचुनाव करवाना जरूरी है। 6 महीने की अवधि 15 नवंबर के आसपास पूरी हो रही है।

दीप ने सिखों की आवाज उठाई

फरीदकोट के सांसद सर्बजीत सिंह खालसा ने कहा कि उनके गिद्दड़बाहा आने के दो उद्देश्य हैं। पहला- उन लोगों का धन्यवाद करना जिन्होंने लोकसभा चुनाव में उन्हें वोट देकर भारी अंतर से जिताया। दूसरा- मनदीप सिंह सिद्धू का सभी से परिचय करवाना। गिद्दड़बाहा विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव में मनदीप सिंह सिद्धू पंथक उम्मीदवार होंगे। खालिस्तान समर्थक अमृतपाल सिंह के पिता तरसेम सिंह भी उनके साथ थे। तरसेम सिंह ने कहा कि लंबे समय के बाद दीप सिद्धू ने सिखों की आवाज उठाई है। उन्होंने उजागर किया है कि सरकार सिखों के साथ क्या करती है। मनदीप सिंह सिद्धू एक समझदार व्यक्ति हैं और अगर वे जीतते हैं तो वे लोगों की आवाज बनेंगे।

Leave a Comment