चंडीगढ़ के नामी विंडल लंदन सैलून पर लगा हर्जाना कस्टमर को कम सेवाएं देने पर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

उपभोक्ता आयोग का फैसला, सैलून ने पैकेज में शामिल हेयर कलरिंग का अलग पेमेंट मांगा

चंडीगढ़, 11 अगस्त। सिटी ब्यूटीफुल के सैक्टर-21 स्थित मेसर्स विंडल लंदन सैलून पर जुर्माना लगा है। जिला उपभोक्ता विवाद निवारण आयोग ने यह फैसला सुनाया।

जानकारी के मुताबिक आयोग ने सैलून संचालकों पर ग्राहक के साथ वादा खिलाफी करने पर 3,500 रुपए हर्जाना और 1,200 रुपए की मूल राशि 9% वार्षिक ब्याज के साथ लौटाने का आदेश दिया है। यह फैसला आरोपी पक्ष की अनुपस्थिति में एक्स पार्टी सुनाया गया। इस मामले सैक्टर-19 निवासी उषा उर्फ मानसी ने शिकायत में बताया कि उन्होंने 25 अक्टूबर, 2023 और 22 मई, 2024 को सैलून से दो पैकेज प्रति 2,400 रुपए लिए थे। जिनमें कुल 36 सेवाएं शामिल थीं, लेकिन उनको केवल 18 बार ही सेवाएं दीं।

शिकायत के मुताबिक 19 जुलाई, 2024 को सैलून ने 5,000 रुपए में केराटिन स्मूथिंग, हेयर कलरिंग और स्पा का ऑफर दिया, जिसमें 4,100 रुपए की छूट दी। शिकायतकर्ता ने कुछ सेवाएं लीं, लेकिन हेयर कलरिंग और स्पा पेंडिंग थीं। जब 27 जुलाई, 2024 को वह पेंडिंग सेवाएं लेने गईं, तो सैलून वालों ने हेयर कलरिंग के लिए अलग से भुगतान मांगा, जबकि यह पहले से पैकेज में शामिल था।

शिकायतकर्ता का आरोप था कि विरोध करने पर सैलून वालों ने उनसे मारपीट कर सोने की चेन व बालियां छीन लीं। इस संबंध में शिकायतकर्ता ने पुलिस में मामला दर्ज करा आरोपी पक्ष को कानूनी नोटिस भेजा, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हुई।

———

 

Leave a Comment