watch-tv

बढ़ा सरपंची का क्रेज : पंजाब में इस बार चौगुने से ज्यादा दावेदार 13229 सरपंच पदों के लिए

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

लोकतंत्र की नींव मजबूत करने वाले इस चुनाव में पंच बनने वाले दावेदार भी इस बार बढ़ गए

नदीम अंसारी

लुधियाना 6 अक्टूबर। देश में लोकतंत्र की मजबूत नींव तैयार करने वाले पंचायत चुनाव को लेकर पंजाब में खासा जोश देखने को मिल रहा है। इस बार पंचायती चुनाव में सरपंच पद हासिल करने का जबर्दस्त क्रेज दिख रहा है। इसी तरह पंच बनने के लिए दावेदारों की तादाद पिछले चुनाव की तुलना में बढ़ गई है। एक तरह से पंचायत चुनाव सूबे की सरकार का सियासी-ग्राफ भी काफी हद तक समझाने में मददगार होती है।

सीएम मान तक एक्टिव हुए :

मुख्यमंत्री भगवंत मान ने भी अपने पुश्तैनी गांव सतौज पहुंचकर तीन दिन पहले इस चुनाव को लेकर ग्रामीणों से गंभीर चर्चा की। साथ ही जोर देकर कहा कि सूबे की आप सरकार के आमराय से पारित पंचायत विधेयक के तहत पार्टी सिंबल पर सरपंच या पंच चुनाव नहीं लड़ेंगे। लिहाजा आप भी आमराय से पंचायत बनाएं, किसी पार्टी विशेष का नहीं, बल्कि सरपंच गांववालों का होगा। आप भले ही अपने सांसद या विधायक को नहीं जानते हों, लेकिन सरपंच आपका अपना होगा। जो गांव के विकास के लिए सरकार से ग्रांट लेकर आएगा।

दावेदारी के आंकड़े उत्साहजनक :

इस बार 13229 सरपंच पदों के लिए 52825 लोगों ने आवेदन किया है। जबकि पिछली बार 2018 में इस पद के लिए 49261 उम्मीदवार सामने आए थे। इसी तरह पंच पद के लिए 166338 लोगों ने नामांकन भरे हैं। वहीं 2018 में यह संख्या 165453 थी। भले ही गुरदासपुर जिले में सरपंची पद के लिए दो करोड़ की बोली लगाने वाले पीछे हट गए, लेकिन इस जिले में सरपंची के लिए सबसे ज्यादा 5317 आवेदन आए। वहां पंचों के लिए 17484 नामांकन दाखिल हुए हैं।

जिलेवार ऐसा है माहौल :

सरपंच और पंच पद के लिए क्रमवार अमृतसर में 3770 और 14860 दावेदार हैं। इसी लड़ी में बठिंडा 1559 और 5186, बरनाला में 774 और 2297, फतेहगढ़ साहिब में 1602 और 4720 तो फरीदकोट 1118 और 3377 आवेदन किए गए। इसी प्रकार फिरोजपुर में 3266 और 9095, फाजिल्का में 2591 और 6733, गुरदासपुर में 5317 और 17484 दावेदार हैं। जबकि होशियारपुर में 4419 और 12767, जालंधर में 3031 और 10156, कपूरथला में 1811 और 5953, लुधियाना में 3753 और 13192, मानसा में 1125 और 3466, मालेरकोटला में 649 और 2233, मोगा में 1237 और 4688,

मोहाली में 1446 और 3890 दावेदार हैं। जबकि श्री मुक्तसर साहिब में 1626 व 5223, एसबीएस नगर में 1566 व 4960, पटियाला में 4296 व 11688, पठानकोट में 1877 व 4261, रूपनगर में 2192 व 5490 दावेदार हैं। इसी क्रम में संगरूर में 2016 व 6099, तरनतारन में 1784 व 8520 सरपंच व पंच पद के दावेदार हैं।

गौरतलब है कि इस बार पंचायत चुनाव में पंजाब में एक करोड़ 33 लाख 97 हजार 932 वोटर हैं। राज्य में एक ग्राम पंचायत में 5 से 13 तक पंच और  एक सरपंच होता है। इस समय 13937 ग्राम पंचायतें हैं। जिनमें 19 हजार 110 पोलिंग बूथ पंचायत चुनाव में बनेंगे।

————

 

Leave a Comment