लुधियाना/यूटर्न/11 जून। वाकई राजनेता गर्मी, सर्दी और बरसात से बेपरवाह होते हैं। तभी तो आम लोगों को झुलसा देने वाली गर्मी के बीच लुधियाना वैस्ट विधानसभा उप चुनाव के दौरान मतदाताओं के बीच भटक रहे हैं।
राजनीतिक-इतिहास : पहली बार फिरोज गांधी मार्केट में पहुंचे आप उम्मीदवार अरोड़ा :
इंडस्ट्रियल सिटी का हब कहलाने वाली फिरोजगांधी मार्केट में तमाम समस्याएं हैं। बुधवार को आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार संजीव अरोड़ा चुनाव प्रचार के दौरान नुक्कड़ सभा करने पहुंचे। इस दौरान मीटिंग के आयोजक गुरपरवीन सिंह सिद्धू ने बेबाकी से कहा कि ऐसा पहली बार है कि कोई राजनेता चुनाव प्रचार के दौरान यहां आया है। इस मौके पर जज्बाती होकर सेंट्रल हल्के के आप विधायक अशोक पराशर पप्पी ने कहा कि इस मार्केट से उनका बहुत पुराना ताल्लुक है। इसी तरह 40 साल के सियासी-सफर में उन्होंने अरोड़ा जैसा राज्यसभा सांसद नहीं देखा, जो शहर, जिले या पूरे सूबे की जनसेवा के लिए प्रयास ना करता हो। इस दौरान इलाका कौंसलर कपिल कुमार सोनू के अलावा लुधियाना सेंट्रल से आप विधायक अशोक पराशर पप्पी ने भी आप उम्मीदवार अरोड़ा के हक में संबोधन के दौरान उनको जिताने की अपील की।
कांग्रेस ने पार्टी प्रवक्ता खेड़ा को अब उतारा मैदान में :
कांग्रेसी उम्मीदवार भारत भूषण आशु के पक्ष में चुनाव प्रचार के लिए पार्टी के राष्ट्रीय प्रवक्ता पवन खेड़ा लुधियाना पहुंचे। उन्होंने कहा पंजाब अब झूठ की राजनिति करने वालों से आजादी चाहता है। केजरीवाल का नाम लिए बिना उन्हें आप सुप्रीमो को जहरीला नाग बताते हुए कहा विधानसभा पश्चिमी के लोग इस बार फिर से जहर पीने की बजाए आशु के पक्ष में मतदान करके जहर को खत्म करने की तरफ पहला कदम रखेंगे। दिल्ली में हार के बाद आप की ठगी की दुकान बंद होने से दिल्ली की जेलो से बेल पर आए लोगों की अय्याशी के खर्च का बोझ पंजाब के किसान, नौजवान व व्यापारियों को सहन करना पड़ रहा है। पंजाब के मुख्यमंत्री ने दिल्ली वालो के पास राज्य का सम्मान गिरवी रख दिया है।
शिअद ने आप महिला नेत्री पार्टी में कराईं शामिल :
इस उप चुनाव में सभी प्रमुख दल एक-दूसरे के घर में सेंधमारी में जुटे हैं। अब शिरोमणि अकाली दल बादल ने आप की महिला विंग की पूर्व अध्यक्ष प्रीति मल्होत्रा को अपनी पार्टी में शामिल कराया है। पार्टी सुप्रीमो सुखबीर सिंह बादल की उपस्थिति में वह अपने समर्थकों के साथ अकाली दल में शामिल हो गईं। बादल ने कहा कि आप के सभी बुनियादी कार्यकर्ता हतोत्साहित होकर पार्टी छोड़ रहे हैं, क्योंकि पंजाब में बाहरी लोगों ने पार्टी पर कब्जा कर लिया है। उन्होंने इलजाम लगाया कि मुख्यमंत्री भगवंत मान को भी पूरी तरह हाशिए पर धकेल दिया गया है और वे आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल की कठपुतली बनकर काम कर रहे हैं। इस दौरान आप उम्मीदवार परउपकार सिंह घुम्मन, पार्टी के सीनियर नेता महेशइंदर सिंह ग्रेवाल, डॉ. दलजीत सिंह चीमा, अमरजीत सिंह चावला, कमल चेतली, सुरमिंदर सिरा आदि उपस्थित थे।
पंजाब उद्योग क्रांति जांच के दायरे में, भाजपा ने किया आप हमला :
पंजाब भाजपा के सीनियर नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री मनोरंजन कालिया ने इस चुनाव में आम आदमी पार्टी के खिलाफ मोर्चा खोला हैं। उन्होंने इस उप चुनाव में आप उम्मीदवार संजीव अरोड़ा पर औद्योगिक भूमि का आवासीय परियोजना के लिए दुरुपयोग करने का आरोप लगाते हुए तीखा हमला बोला। कालिया ने भाजपा उम्मीदवार जीवन गुप्ता के समर्थन में एक अभियान के दौरान यह प्रतिक्रिया जताई। कालिया ने आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल और मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान द्वारा उद्योगों के लिए पंजाब उद्योग क्रांति फास्ट-ट्रैक पोर्टल और पंजाब शिक्षा क्रांति जैसी पिछली आप पहलों को समानांतर इसे देखा। उन्होंने व्यंग्यात्मक रूप से कहा कि अभिनेता मनोज कुमार ने एक क्रांति शुरू की थी, लेकिन आप ने दो क्रांतियां शुरू की हैं।