दुखद : हिसार में मेयर टिकट के दावेदार कांग्रेसी नेता सोनी का सड़क पर हार्ट अटैक से निधन

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

लापता लड़की के परिवार के प्रदर्शन में पहुंचे थे कांग्रेसी नेता छत्रपाल सोनी, अचानक सीने में दर्द उठने से तोड़ा दम

हिसार 14 फरवरी। वाकई कोई भरोसा नहीं, अच्छे-भले तंदरुस्त इंसान को भी मौत कब अपने आगोश में ले ले। यहां मेयर पद के लिए कांग्रेस से टिकट के दावेदार छत्रपाल सोनी की शुक्रवार को प्रदर्शन के दौरान हार्ट अटैक से अचानक मौत हो गई।

जानकारी के मुताबिक वह उकलाना के सुरेवाला मोड़ पर लापता लड़की गुड़िया के परिजनों के साथ धरने पर गए थे। वहां छात्रपाल के अचानक सीने में दर्द होने लगा। वे धरना छोड़कर कार में बैठ गए। उन्हें तुरंत हिसार के सर्वेश अस्पताल लाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

छत्रपाल सोनी के निधन की खबर सुनते ही अस्पताल में कांग्रेसियों का जमावड़ा लग गया। छत्रपाल सोनी के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए सेक्टर-33 स्थित उनके हाउस नंबर 861 पर रखा जाएगा। इसके बाद उनका अंतिम संस्कार किया जाएगा। दरअसल, हिसार की गीता कॉलोनी निवासी सुनील कुमार की 16 वर्षीय बेटी 29 सितंबर से लापता है। परिवार के लोग उकलाना में कार्रवाई ना करने का आरोप लगाए हुए पुलिस के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे हैं। शुक्रवार को लड़की के परिजन चंडीगढ़ में मुख्यमंत्री नायब सैनी से मिलने जा रहे थे। उकलाना में पुलिस लड़की के परिजनों को रोकने का प्रयास कर रही थी। सूचना मिलते ही हिसार से छत्रपाल सोनी भी अन्य कांग्रेस नेताओं के साथ उकलाना पहुंचे गए। जब पुलिस लड़की के परिजनों को आगे जाने से रोक रही थी तो तब कांग्रेस नेता लड़की के पिता के साथ आगे बढ़ रहे थे। इसी दौरान छत्रपाल सोनी के सीने में दर्द हुआ और वह गाड़ी में जाकर बैठ गए।

शुरू से ही कांग्रेस पार्टी में रहे 52 साल के सोनी की पूर्व सीएम भूपेंद्र सिंह हुड्‌डा से उनकी नजदीकी थी। उनके परिवार की राजगुरू मार्केट में कपड़े की दुकान है।

————-

 

Leave a Comment