पंजाब कांग्रेस के प्रधान राजा वड़िंग की पत्नी व पार्टी की सीनियर नेता अमृता वड़िंग सराभा नगर में वर्करों से मिलीं
लुधियाना, 28 अक्टूबर। महानगर में एकबार फिर कांग्रेस में गुटबाजी देखने को मिल रही है। सीनियर कांग्रेसी पवन दीवान लुधियाना वैस्ट हल्के में एकाएक सक्रिय हो गए हैं। उन्होंने सराभा नगर में वर्कर मीटिंग रखी। जिसमें पंजाब कांग्रेस के प्रधान राजा वड़िंग की पत्नी व पार्टी की सीनियर नेता अमृता वड़िंग पहुंचीं और वर्करों को संबोधित किया। हालांकि लुधियाना वैस्ट हल्के से विधायक रहे भारत भूशण आशु इस दौरान नजर नहीं आए। इसे लेकर पार्टी वर्करों में चर्चाएं फिर शुरु हो गईं हैं कि पार्टी हाईकमान की तमाम कोशिशों के बावजूद पंजाब में कांग्रेस दो धड़ों में बंटी है। दीवान सीनियर कांग्रेसी नेता मनीष तिवारी के साथ लंबे वक्त से कदमताल करते रहे हैं। वहीं अब कांग्रेस प्रदेश प्रधान वड़िंग से उनकी नजदीकियां तेजी से बढ़ी हैं।
दूसरी तरफ, आशु अपने ही अंदाज में एकला चलो रे, वाली तर्ज पर चलते रहे हैं। उनकी नजदीकियां कांग्रेस हाईकमान के खासमखास सांसद किशोरी लाल शर्मा से मानी जाती हैं। यहां काबिलेजिक्र है कि फिलहाल पार्टी के सभी नेता तरनतारन विस सीट के उप चुनाव के चलते वहां डटे हैं। जबकि दूसरी तरफ लुधियाना में कांग्रेसियों की गुटबाजी के चलते सियासी-माहौल गर्माया हुआ है। खैर, सराभा नगर में कांग्रेसी वर्करों की मीटिंग में अमृता वड़िंग ने कहा है कि केवल कांग्रेस पार्टी ही पंजाब को प्रगति और समृद्धि की ओर ले जा सकती है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी ही लुधियाना में उद्योग लेकर आई और इसे औद्योगिक केंद्र बनाया। हालाँकि, वर्तमान सरकार की नीतियों के कारण उद्योग दूसरे राज्यों में जाने को मजबूर हैं। वहीं, दीवान ने कहा कि मौजूदा सरकार लोगों की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर पाई है। इन्होंने ना तो महिलाओं को 1000 रुपये प्रति माह दिए और ना ही नशे की गंभीर समस्या को जड़ से खत्म कर पाए। हालात इतने बिगड़ चुके हैं कि आए दिन राज्य में गैंगस्टरों द्वारा लोगों से फिरौती मांगने की खबरें आती रहती हैं। कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है और लोग डर व चिंता में जीने को मजबूर हैं।
———–





