जालंधर 29 अप्रैल। बॉलीवुड फिल्मों के लिए रैप करने वाले रैपर बादशाह का नया गाना वैल्वेट फ्लो एक बार फिर विवादों घिरता नजर आ रहा है। रैपर बादशाह का नया गाना वैल्वेट फ्लो को लेकर पंजाब के ईसाई समाज ने अपना रोष दर्ज करवाया है। बादशाह के गाने के पहले ही पैरा ग्राफ में चर्च और बाइबल को लेकर बोली गई शब्दावली पर ईसाई समाज ने आपत्ति जताई है। इसे लेकर ईसाई समाज के नेताओं द्वारा कमिश्नरेट पुलिस को लिखित में शिकायत दी गई है। पुलिस मामले की जांच के बाद जल्द एफआईआर दर्ज कर सकती है।
चर्च और बाइबल के नाम का गलत इस्तेमाल किया गया
इस संबंध में जालंधर कैंट के दीप नगर से सटे शिव एन्क्लेव के रहने वाले पास्टर गौरव मसीह गिल द्वारा दी गई शिकायत में कहा गया है कि वह पंजाब क्रिश्चियन मूवमेंट के धार्मिक विंग का प्रदेश अध्यक्ष हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि बादशाब ने गाने में शब्दों के माध्यम से पवित्र बाइबल और ईसाई समुदाय के चर्च का दुरुपयोग किया है। गिल ने कहा- जब उन्होंने ये गाना सुना तो, उसमें बादशाह ने गाया कि घर लगे चर्च और पासपोर्ट है बाइबल।