पंजाब के सीएम मान अभी दो-तीन अस्पताल में ही रहेंगे, हालत स्थिर

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

बाढ़ के दौरान दौरा करते हुए इंफैक्शन होने से बिगड़ी थी तबियत, अस्पताल से ही लेंगे अफसरों की मीटिंग

चंडीगढ़, 6 सितंबर। पंजाब के सीएम भगवंत मान भारी बारिश के दौरान बाढ़ प्रभावित इलाकों का दौरान करते हुए अचानक गंभीर बीमार हो गए थे। तबियत ज्यादा बिगड़ने पर उनको शुक्रवार रात मोहाली के फोर्टिस अस्पताल में दाखिल कराया गया था। हालांकि अब उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है, लेकिन डॉक्टरों ने अभी उनको दो-तीन दिन बैड-रेस्ट की सलाह दी है। लिहाजा बाढ़ के मसले पर वह अफसरों के साथ अस्पताल से ही वर्चुअल-मीटिंग करेंगे।

जानकारी के मुताबिक आम आदमी पार्टी के पंजाब प्रभारी मनीष सिसोदिया ने अस्पताल में मान से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री मान को कम हृदय गति की शिकायत के बाद अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी हालत अब स्थिर है और डॉक्टरों ने उन्हें 2-3 दिनों तक अस्पताल में रहने की सलाह दी है। सीएम मान ने कहा कि वे अस्पताल से ही बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत प्रदान करने के लिए अधिकारियों के साथ बैठकें करेंगे।

दूसरी तरफ, फोर्टिस अस्पताल के बुलेटिन के अनुसार उनकी पल्स दर में सुधार हो रहा है। यहां गौरतलब है कि सीएम मान की तबियत ठीक नहीं होने की वजह से शुक्रवार शाम को होने वाली कैबिनेट की बैठक भी स्थगित कर दी गई थी। जिसमें प्रदेश में बाढ़ के हालातों के चलते राहत कार्यों पर चर्चा होनी थी।

सीएम मान की जांच के लिए डॉक्टरों की एक टीम गठित की गई थी। बताते हैं कि पहले चंडीगढ़ स्थित मुख्यमंत्री आवास पर डॉक्टर उनका इलाज कर रहे थे, लेकिन डॉक्टरों की सलाह पर बाद में उनको फोर्टिस अस्पताल लाया गया।

———–