हिसार,,26 सितम्बर—
विधायक विनोद भयाना ने कहा कि दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना गरीब महिलाओं के उत्थान में मिल का पत्थर साबित होगी। फिलहाल एक लाख रुपए तक सालाना आमदनी वाली महिलाएं पंजीकरण करवा रही है, लेकिन भविष्य में आमदनी राशि को बढ़ाकर और अधिक महिलाओं को इस योजना का लाभ प्रदान किया जाएगा।
विनोद भयाना ने यह विचार संयुक्त कार्यालय परिसर में आयोजित उपमंडल स्तरीय दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना ऐप शुभारंभ कार्यक्रम में उपस्थित जन समूह को संबोधित करते हुए व्यक्त किए। उन्होंने कहा कि भाजपा ने चुनाव से पहले प्रदेश की महिलाओं से वादा किया था कि तीसरी बार सरकार बनने पर लाडो लक्ष्मी योजना लागू की जाएगी । मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने आज प्रदेश में इस महत्वाकांक्षी योजना के तहत ऐप का शुभारंभ कर उस वादे को भी पूरा कर दिया है। योजना की हर पात्र महिला को प्रति माह ₹2100 की राशि जल्द मिलनी शुरू हो जाएगी। यह राशि सीधे बैंक खातों में उपलब्ध करवाई जाएगी।
विधायक ने कहा कि महिलाओं का स्वस्थ होना बहुत जरूरी है। परिवार में अगर महिला बीमार हो जाती है तो पूरे घर की व्यवस्था बिगड़ जाती है। महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा अनेक योजनाएं लागू की है। इसी कड़ी में गरीब महिलाओं के उत्थान के लिए दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना शुरू की जा रही है। इसी उद्देश्य को लेकर समस्त नारी सशक्त परिवार अभियान भी शुरू किया गया है। उन्होंने कहा कि जिस देश की महिलाएं स्वस्थ होगी निश्चित रूप से वह राष्ट्र सशक्त बनता चला जाता है। उन्होंने महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना ऐप शुभारंभ की शुभकामनाएं दी और अपील की कि वह इस योजना का भरपूर लाभ उठाएं और अपने आस-पड़ोस में भी योजना की जानकारी दें ताकि कोई भी पात्र महिला इस योजना के लाभ से वंचित नहीं रहे।
भाजपा जिलाध्यक्ष अशोक सैनी ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव से प्रदेश की महिलाओं से पहले जो वादा किया था उसे पूरा करके दिखाया है। उन्होंने कहा कि जनता से किए गए हर वादे को पूरा किया जाएगा। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए राज्य सरकार द्वारा एक से बढ़कर एक कल्याणकारी योजनाएं लागू की जा रही है। उन्होंने महिलाओं को लाडो लक्ष्मी योजना की शुभकामनाएं दी। इस अवसर पर एसडीएम राजेश खोथ ने मुख्य अतिथि विधायक विनोद भयाना तथा अन्य अतिथियों का कार्यक्रम में पहुंचने पर स्वागत किया। इस दौरान उन्होंने दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। लाडो लक्ष्मी योजना के तहत पंजीकरण करवाने के लिए कंप्यूटर इत्यादि की व्यवस्था भी की गई थी ।
कार्यक्रम में डीएसपी विनोद शंकर, भाजपा नेता राजपाल यादव, नेहा धवन,तनुज खुराना, विनोद सैनी, सोनू जांगड़ा, सुरजीत गुर्जर, धर्मवीर मजोका ओमप्रकाश मजोका ,काला मजोका, दीपक मुंजाल ,अशोक ढालिया, रमेश मदान,सुभाष यादव तथा दौलत गिरधर सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।