हरियाणा विस चुनाव में टाल दी थी योजना, यूटी प्रशासक ने रेलमंत्री से मुलाकात की इस मुद्दे पर
चंडीगढ़, 28 जुलाई। सिटी ब्यूटीफुल के लोगों को रेलमार्ग से सफर में बड़ी राहत मिलने के आसार हैं। दरअसल चंडीगढ़ रेलवे स्टेशन से उदयपुर के लिए सीधी चेतक एक्सप्रेस ट्रेन जल्द शुरू हो सकती है।
जानकारी के मुताबिक अंबाला रेल मंडल ने इसके संचालन के लिए रेलवे बोर्ड को प्रस्ताव भेज दिया है और तैयारियां पूरी हैं। यह ट्रेन पहले से तय थी, लेकिन 2024 के हरियाणा विधानसभा चुनावों की वजह से इसका शेड्यूल टाल दिया गया था। पहली योजना के अनुसार, यह ट्रेन 10 सितंबर, 2024 को चंडीगढ़ से चलनी थी। चेतक एक्सप्रेस सुबह 9.15 बजे उदयपुर से चंडीगढ़ पहुंचती, फिर पूरे दिन रुकने के बाद दोपहर 3.45 बजे वापस उदयपुर के लिए रवाना होती।
यूटी प्रशासक ने किया प्रयास :
चेतक के संचालन को लेकर के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया ने दिल्ली में केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव से मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने चंडीगढ़ से धार्मिक स्थलों की बेहतर कनेक्टिविटी पर भी चर्चा की। उम्मीद है कि जल्द धार्मिक स्थलों के लिए अन्य ट्रेनें भी शुरु हो सकती हैं।
शताब्दी लुधियाना तक आएगी :
चंडीगढ़-दिल्ली के बीच चलने वाली शताब्दी एक्सप्रेस को लुधियाना तक एक्सटेंड करने का प्रस्ताव भी फिर चर्चा में है। वर्ष 2024 में यह प्रस्ताव रखा गया था, लेकिन मामला अटक गया था। अब उम्मीद है कि मोहाली रेलवे स्टेशन के अपग्रेड होने के बाद इस योजना पर दोबारा काम हो सकता है।
————