चंडीगढ़ पुलिस की बड़ी कामयाबी, इंटरस्टेट वाहन चोर मुन्‍ना समेत उसके गुर्गे किए काबू

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

चोरीशुदा 11 गाड़‍ियां बरामद, चंडीगढ़ समेत पंजाब, हरियाणा, हिमाचल से चुराईं, लुधियाना में बेचते थे

चंडीगढ़, 27 जून। चर्चित मुन्‍ना गैंग के तीन आरोपियों को चंडीगढ़ पुलिस ने काबू किया है। वाहन चोरी में माहिर इस गैंग ने चंडीगढ़ समेत पंजाब, हरियाणा, हिमाचल में वारदातों को अंजाम दिया।

जानकारी के मुताबिक आरोपियों में मनोज ठाकुर उर्फ मुन्‍ना, असलम और नवनीत प्रताप सिंह शामिल हैं। साथ ही एक कबाड़ी जयप्रकाश उर्फ बेटिया को भी गिरफ्तार किया गया है, जो चोरी की गाड़ियों की बैटरियां और कागजात खरीदता था। आरोपियों की निशानदेही पर 11 चोरी की गाड़‍ियां और 8 बैटरियां बरामद की गई हैं। आरोपियों के पास से चोरी की होंडा सिटी कार (हरियाणा नंबर की) 3, बाइक 4, एक्टिवा 3, बैटरी 8, बुलेट 1 और कई गाड़ियों के दस्तावेज भी बरामद किए गए।

इन पर कई पुलिस स्टेशनों में कुल 11 एफआईआर दर्ज हैं। गिरफ्तार मुख्य आरोपी मनोज ठाकुर उर्फ मुन्‍ना मूल रूप से यूपी के मुरादाबाद जिले का रहने वाला है। वह पुलिस स्टेशन-19, चंडीगढ़ पुलिस का भगोड़ा है। उसके 33 से अधिक मामले दर्ज हैं। वहीं आरोपी असलम के खिलाफ 12 से अधिक वाहन चोरी के मामले दर्ज हैं।

चंडीगढ़ ऑपरेशन सेल के इंचार्ज इंस्पेक्टर रणजीत सिंह की अगुवाई में आरोपियों को अरेस्ट किया गया। पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि वे चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा और हिमाचल से गाड़‍ियां चुराकर कुछ समय पार्किंग में रखते थे। फिर उन्हें लुधियाना ले जाकर कबाड़ी को बेच देते थे और बैटरियां निकालकर भी वहीं नीलाम करते थे। पुलिस ने लुधियाना में रेड करके कबाड़ी जयप्रकाश उर्फ बेटिया को गिरफ्तार किया।

Leave a Comment