चंडीगढ़ 14 नवंबर। चंडीगढ़ नगर निगम हाउस की बैठक 23 नवम्बर को होगी, जिसमें इस बार पंजाब के राज्यपाल और चंडीगढ़ के प्रशासक गुलाब चंद कटारिया भी मौजूद रहेंगे। बैठक में नगर निगम के वित्तीय संकट और अन्य प्रशासनिक मुद्दों पर चर्चा होने की संभावना है। सनगर निगम लंबे समय से वित्तीय संकट से जूझ रहा है, और शहर के विकास कार्यों में रुकावट आई है। नगर निगम के अधिकारियों का कहना है कि बजट की कमी के कारण कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं की शुरुआत और उनके विस्तार में देरी हो रही है। वहीं, नगर निगम के पार्षद कुलदीप ने भी प्रशासन से बजट की अतिरिक्त राशि की मांग की थी, लेकिन अब तक उनकी मांग को लेकर कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं। पार्षद कुलदीप ने प्रशासन पर आरोप लगाते आ रहे हैं कि लगातार उनके द्वारा उठाए गए मुद्दों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा, जिससे नगर निगम के विकास कार्यों में रुकावट आ रही है। वे यह भी कहते हैं कि यदि जल्द ही बजट की मांग को पूरा नहीं किया जाता, तो नगर निगम के कई महत्वपूर्ण प्रोजेक्ट्स प्रभावित हो सकते हैं, जिनमें सड़कों की मरम्मत, जल आपूर्ति, कचरा निस्तारण जैसी बुनियादी सेवाएं शामिल हैं।
