कांग्रेसी सांसद मनीष तिवारी के सवाल पर केंद्र का पलटवार, कुछ ही इमारतों को दिया है दर्जा
चंडीगढ़, 12 अगस्त। सिटी ब्यूटीफुल को लेकर केंद्र सरकार ने एक बार फिर साफ किया है कि पूरा चंडीगढ़ हेरिटेज सिटी घोषित नहीं है। सिर्फ सैक्टर-1 से लेकर सेक्टर-30 तक और कुछ इमारतें ही संरक्षित सूची में हैं।
लोकसभा में चंडीगढ़ से कांग्रेसी सांसद व पूर्व केंद्रीय मंत्री मनीष तिवारी ने सवाल उठाया था। जिस पर केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेन्द्र सिंह शेखावत ने जानकारी देते हुए चंडीगढ़ हेरिटेज कंजर्वेशन कमेटी) के गठन, कामकाज और अब तक की बैठकों का ब्यौरा भी पेश किया। यूटी प्रशासन के अधिकारियों की तरफ से हेरिटेज की आड़ में कई प्रोजेक्ट को खारिज कर दिया जाता है। हेरिटेज कमेटी भी कई प्रस्तावों को ठंडे बस्ते में डाल देती है। ऐसी कई शिकायतें सांसद तिवारी के पास पहुंची थी, जिसके बाद उन्होंने संसद में पूछा कि हेरिटेज कंजर्वेशन कमेटी की कानूनी स्थिति क्या है और यह किस विशेष कानून के तहत बनाई गई है। जवाब में मंत्री शेखावत ने बताया कि सीएचसीसी का गठन चंडीगढ़ प्रशासन ने अप्रैल, 2012 को अधिसूचना जारी कर किया था। यह गठन गृह मंत्रालय की मंजूरी के बाद एक्सपर्ट हेरिटेज कमेटी की रिपोर्ट पर आधारित था।
—–