भारत सरकार का दावा, पीएनबी से 13, 850 करोड़ रुपये के फ्रॉड के आरोपी चोकसी को यहां मिलेंगी जेल में 14 सुविधाएं
नई दिल्ली,,, 8 सितंबर। भारत में पंजाब नेशनल बैंक से 13,850 करोड़ के फ्रॉड के आरोपी भगोड़े बिजनेसमैन मेहुल चोकसी को बेल्जियम से भारत लाने की कोशिश जारी हैं। केंद्र ने बेल्जियम सरकार को एक लैटर भेजकर बताया कि चोकसी को मुंबई के आर्थर रोड जेल के बैरक नंबर-12 में रखा जाएगा। वहां एक कोठरी में 6 लोगों के रहने की क्षमता है।
जानकारी के मुताबिक भारत सरकार ने बताया कि अगर चोकसी को बेल्जियम से भारत लाए जाता है तो उसके साथ मानवीय व्यवहार किया जाएगा। उसे 14 से ज्यादा सुविधाएं देने का भरोसा दिलाया गया। हालांकि केंद्र ने चोकसी के प्रत्यर्पण के लिए यह पत्र कब लिखा, इसकी जानकारी सामने नहीं आई। बताते हैं कि भारतीय जांच एजेंसियों के प्रत्यर्पण की अपील पर, चोकसी को 12 अप्रैल को बेल्जियम में गिरफ्तार किया गया था। वह और उसका भतीजा नीरव मोदी, पीएनबी धोखाधड़ी मामले में मुख्य आरोपी हैं। भगोड़ा नीरव लंदन में है। उसके प्रत्यर्पण के लिए भी कोशिशें जारी हैं। दोनों ने 2018 में भारत छोड़ दिया था।
गृह मंत्रालय के अनुसार लैटर भेजे जाने तक आर्थर जेल में बैरक नंबर-12 की 2 कोठरियां खाली थीं। कोठरियों में ग्रिल वाली खिड़कियां, वेंटिलेटर और सीलिंग फैन लगे हैं। मुंबई का मौसम आमतौर पर साल भर सुहावना रहता है और ज्यादा गर्मी नहीं होती। इसलिए कोठरियों में एयर कंडीशनिंग की सुविधा नहीं है, आमतौर पर इसकी ज़रूरत भी नहीं होती। डॉक्टरों के कहने पर विशेष आहार संबंधी जरूरतों की व्यवस्था भी की जाएगी।
जानकारी के मुताबिक मेहुल चोकसी को लेकर मार्च में खुलासा हुआ था कि वह बेल्जियम में है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मेहुल पत्नी प्रीति चोकसी के साथ रह रहा था, जिन्हें बेल्जियम की नागरिकता मिली है। बेल्जियम के विदेश मंत्रालय ने ही भारत को चोकसी की मौजूदगी की जानकारी दी थी। चोकसी बेल्जियम से स्विट्जरलैंड भागने की कोशिश कर रहा था।