पंजाब/यूटर्न /12 जून: गुरदासपुर में बीती रात जमीनी विवाद के चलते विदेश से लौटे एक युवक की धारदार हथियार से हमला कर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान गुरजीत सिंह (34) के रूप में हुई है। गुरजीत विदेश में रहता था और एक महीने पहले ही विदेश से लौटा था। थाना भैणी मियां खां की पुलिस ने 5 आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। फिलहाल किसी भी आरोपी की गिरफतारी नहीं हो पाई है। मृतक की मां अमरजीत कौर (60) ने बताया कि वह चक शरीफ थाना भैणी मियां खां की रहने वाली हैं। उनके तीन बच्चे हैं जो विदेश में रहते हैं। पुर्तगाल में रहने वाला उनका छोटा बेटा गुरजीत सिंह एक महीने पहले विदेश से लौटा था। उन्होंने बताया कि उनके जेठ का बेटा गुरप्रीत उनके पड़ोस में रहता है। आरोपियों ने उनके खेतों में पानी का खाल डाला हुआ है। अमरजीत कौर ने बताया कि आरोपी को कई बार पानी का खाल हटाने के लिए कहा गया लेकिन आरोपी ने खाल नहीं हटाया। पीडि़त ने बताया कि 11 जून को वह और उसका बेटा गुरजीत अपने खेत पर गए थे। वहां आरोपी गुरप्रीत भी मौजूद था। जब गुरप्रीत को खेतों में से पानी का खाल हटाने के लिए कहा गया तो वह उन्हें धमकाने लगा। रात करीब 8.45 बजे वे घर में मौजूद थे, तभी आरोपी गुरप्रीत, मंजीत कौर, सुरिंदर कौर, नवदीप कौर, नवरीत कौर उनके घर में घुस आए और उनके बेटे पर किरच से हमला कर दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। जब उसने और उसकी जेठानी ने शोर मचाया तो आरोपी हथियार लेकर मौके से भाग गए। उसके बेटे को इलाज के लिए सिविल अस्पताल लाया गया जहां डॉक्टरों ने उसके बेटे को मृत घोषित कर दिया।
—————-
