संपत्ति विवाद में दिया वारदात को अंजाम, फरार आरोपी और साथ मौजूद उसके बेटे पर केस दर्ज
बरनाला, 11 अगस्त। नैतिक-पतन के चलते समाज में बिखराव की चिंताजनक मिसाल यहां सामने आई। जिले के गांव कालेके में जमीन के बंटावरे को लेकर छोटे ने बड़े भाई की ट्रैक्टर से कुचलकर हत्या कर दी। मरने वाला शख्स जोगिंदर सिंह पंजाब पुलिस में एएसआई थे।
जानकारी के मुताबिक संपत्ति के बंटवारे के चलते आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया। एएसआई जोगिंदर सिंह पंजाब मलेरकोटला में तैनात थे। वहीं आरोपी छोटा भाई सुखदेव सिंह है। घटना की सूचना मिलते ही थाना धनौला की पुलिस मौके पर पहुंची। बताते हैं कि रविवार रात सुखदेव सिंह ने अपने बड़े भाई जोगिंदर सिंह की उसके उपर ट्रैक्टर चढ़ा कर हत्या कर दी और फरार हो गया।
पुलिस जांच में लोगों ने बताया कि आरोपी सुखदेव सिंह गांव भैणी जस्सा रोड पर अपने खेत से ट्रैक्टर पर सवार होकर घर आ रहा था। साथ में उसका बेटा भी था। उसी दौरान एएसआई जोगिंदर सिंह गांव कालेके मोटरसाइकिल पर सवार होकर जा रहे थे। गांव से तकरीबन दो किलोमीटर दूर भैणी जसा गांव लिंक रोड पर उसने जोगिंदर सिंह को ट्रैक्टर से टक्कर मार कर उसे बुरी तरीके से कुचल दिया, जिससे उनकी मौके पर मौत हो गई। पुलिस के मुताबिक कि मृतक की पत्नी वीरपाल कौर के बयानों के आधार पर सुखदेव सिंह और उसके बेटे के खिलाफ धनौला थाने में मामला दर्ज कर लिया गया है। आरोपियों की तलाश की जा रही है और जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा।