पंजाब/यूटर्न/8 जुलाई: बटाला के थाना श्री हरगोबिंदपुर के अधीन आते लाइट वाले चौक के पास रविवार रात को दो पक्षों के बीच पानी की खाल को लेकर खूनी संघर्ष हो गया। दोनों पक्षों की तरफ से फायरिंग हुई, जिसमें चार लोगों की गोली लगने से मौत हो गई और कई लोग घायल हो गए। घायलों का उपचार विभिन्न अस्पतालों में चल रहा है। दोनों पक्षों के बीच सरकारी पानी की खाल को लेकर पुरानी रंजिश चल रही थी। इसी को लेकर रविवार रात को दोनों गुट भिड़ गए। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस ने अपनी जांच शुरू की। जानकारी के अनुसार, गांव विठवा के रहने वाले दो पक्षों के बीच सरकारी खाल को लेकर रंजिश चल रही थी। रविवार रात को इसी रंजिश में दोनों गुटों के बीच अंधाधुंध फायरिंग हुई। दोनों पक्षों की ओर से करीब 60 राउंड फायर किए गए। फायरिंग में गोली लगने से एक पक्ष के शमशेर सिंह और बलजीत सिंह निवासी गांव विठवा को बटाला के सिविल अस्पताल लाया गया जहां उनको डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। थाना श्री हरगोविंदपुर के एसएचओ सतपाल सिंह के मुताबिक दूसरे पक्ष के निर्मल सिंह और बलराज सिंह को अमृतसर में दाखिल करवाया गया था, जहां इलाज के दौरान उन दोनों की भी मौत हुई। एसएचओ सतपाल सिंह ने बताया कि दोनों गुटों में झगड़े की वजह पुरानी रंजिश है, जिसमें फायरिंग होने की वजह से चार लोगों की मौत हो गई है। गोली लगने से चार लोगों की मौत हो गई, जबकि सात लोग घायल हो गए। घायलों में 2 की हालत गंभीर है।
कार पर बरसाईं ताबड़तोड़ गोलियां
सिविल अस्पताल के डॉक्टर एकमजीत सिंह ने बताया कि वारदात के बाद उनके पास अंग्रेज सिंह और सुरिंदर सिंह जख़्मी हालत में आए थे। हालत गंभीर होने के कारण उन्हें अमृतसर रेफर कर दिया गया है। बाद में शमशेर सिंह और बलजीत सिंह को इलाज के लिए अस्पताल लाया गया था, लेकिन इनकी पहले ही मौत हो चुकी थी। दूसरे पक्ष के घायलों को अन्य अस्पताल में दाखिल करवाया गया था।
————-
