बीकेयू लखोवाल ने घग्गर बांध की कार सेवा शुरू की

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

डेराबस्सी,,, 14 सितम्बर-

भारतीय किसान यूनियन (लखोवाल) ब्लॉक डेराबस्सी की ओर से आज सूबा कार्यकारिणी सदस्य मनप्रीत सिंह अमलाला की अगुवाई में गाँव टिवाणा के नज़दीक घग्गर नदी के बांध पर पड़े कटाव को भरने के लिए कार सेवा का कार्य शुरू किया गया। इस सेवा में धार्मिक संस्थाओं, समाजसेवी संगठनों और स्थानीय निवासियों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया।

कार्यक्रम की शुरुआत के मौके पर बीकेयू लखोवाल के प्रधान हरिंदर सिंह लखोवाल विशेष तौर पर पहुंचे। उनके साथ जिला प्रधान दविंदर सिंह देह कलां और उनकी पूरी टीम मौजूद रही। इस दौरान कांग्रेस पार्टी के हलका इंचार्ज दीपिंदर सिंह ढिल्लों और पंजाब यूथ कांग्रेस के प्रधान उदेवीर सिंह ढिल्लों भी शामिल हुए।

हरिंदर सिंह लखोवाल ने प्रेस से बातचीत में कहा कि इस क्षेत्र को 2023 में और अब एक बार फिर प्राकृतिक आपदा का सामना करना पड़ा है, जिससे किसानों को अपूरणीय नुकसान झेलना पड़ा है। उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रभावित किसानों को सीधे राहत दी जाए और 70 हज़ार रुपये प्रति एकड़ मुआवजा उनके खातों में जमा कराया जाए। इसके अलावा जिन किसानों के ट्यूबवेल, मकान या खेतों की मिट्टी बह गई है, उनकी भरपाई के लिए अलग से मुआवजा दिया जाए।

दीपिंदर सिंह ढिल्लों ने कहा कि इस कठिन घड़ी में हमें पार्टीबाज़ी से ऊपर उठकर किसानों का साथ देना चाहिए। उन्होंने भरोसा दिलाया कि जथेबंदी जो भी मुद्दा उठाएगी, उस पर पूरा सहयोग दिया जाएगा। उन्होंने किसानों द्वारा शुरू की गई इस सेवा को सराहनीय बताया।

इस मौके पर दविंदर सिंह देह कलां और उनकी टीम ने एक लाख रुपये नकद योगदान दिया, वहीं मास्टर गुरचरण सिंह तोगापुर ने भी एक लाख रुपये की राशि बांध की मरम्मत के लिए दी।

इसके अलावा कार्यक्रम में रंजीत सिंह राणा (कार्यकारी प्रधान, बीकेयू लखोवाल ब्लॉक डेराबस्सी), बख्शीश सिंह भट्टी, सरपंच मनजीत सिंह सरसीनी, जथेदार जगतार सिंह, भजन सिंह खजूर मंडी, काका सिंह सरसीनी, जसमीत सिंह, दलवीर सिंह डंगढैहरा समेत सैकड़ों किसान मौजूद रहे।

Leave a Comment