चंडीगढ़ 9 मार्च। हरियाणा से भाजपा की राज्यसभा सांसद किरण चौधरी की तबियत बिगड़ गई। रविवार को तेज बुखार के बाद उन्हें गुरुग्राम के मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया। चौधरी के करीबी वासु शर्मा ने बताया कि उन्हें पिछले तीन दिन से तेज बुखार था।
रविवार को एमपी चौधरी ने भिवानी के बापोड़ा में सावित्री देवी पार्क के उद्घाटन और महाराणा प्रताप की प्रतिमा अनावरण समारोह में शामिल होना था। वह दोनों ही कार्यक्रम में नहीं पहुंची, जिसमें मिजोरम के राज्यपाल व पूर्व जनरल वीके सिंह बतौर मुख्यातिथि आए थे। 2024 में हुए लोकसभा चुनाव के बाद किरण चौधरी और उनकी बेटी श्रुति चौधरी ने 18 जून को कांग्रेस से इस्तीफा दे दिया था। फिर दिल्ली में दोनों ने भाजपा जॉइन की थी। किरण भिवानी-महेंद्रगढ़ सीट से बेटी श्रुति चौधरी की टिकट कटने पर नाराज थीं। उन्होंने इस्तीफा देते हुए कहा था कि उन्हें पार्टी में बेइज्जत किया गया। उसके खिलाफ साजिशें रची गईं।
भाजपा ने कांग्रेस छोड़ने के दो महीने बाद 20 अगस्त को किरण चौधरी को राज्यसभा का टिकट दे दिया। 21 अगस्त को मुख्यमंत्री नायब सैनी खुद किरण का नामांकन दाखिल कराने के लिए पहुंचे। चूंकि, कांग्रेस समेत दूसरे विपक्षी दलों की ओर से कोई भी उम्मीदवार खड़ा नहीं किया गया था, इस कारण किरण चौधरी निर्विरोध राज्यसभा सांसद चुनी गईं। दूसरी तरफ, अक्टूबर 2024 में हरियाणा में विधानसभा चुनाव हुए। भाजपा ने तोशाम सीट से किरण की बेटी श्रुति चौधरी को उम्मीदवार बनाया। श्रुति ने इस सीट पर कांग्रेस के टिकट पर चुनाव लड़ रहे चचेरे भाई अनिरुद्ध चौधरी को हरा दिया। इसके बाद श्रुति को हरियाणा सरकार में कैबिनेट मंत्री बनाया गया। उनके पास महिला एवं बाल विकास और सिंचाई एवं जल संसाधन मंत्रालय है।