पंजाब 10 मार्च। पंजाब स्कूल शिक्षा बोर्ड (पीएसईबी) की 12वीं कक्षा के राजनीति विज्ञान के प्रश्न पत्र को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। भाजपा ने आरोप लगाया है कि प्रश्न पत्र में आम आदमी पार्टी (आप) से संबंधित प्रश्न पूछे गए हैं, जिसके जरिए छात्रों को प्रभावित करने की कोशिश की जा रही है। चंडीगढ़ स्थित पंजाब भाजपा मुख्यालय में भाजपा नेता विनीत जोशी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा है कि इस तरह के सवाल पूछकर युवा पीढ़ी को एक राजनीतिक विचारधारा की ओर झुकाने की कोशिश की जा रही है, जो किसी भी तरह से उचित नहीं है। राज्य के शिक्षा मंत्री इस तरह के सवाल पूछकर पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को खुश करने में लगे हुए हैं। जोशी ने बताया कि यह परीक्षा 4 मार्च को आयोजित की गई थी। जिसमें प्रश्न पूछे गए कि आम आदमी पार्टी की स्थापना कब हुई? और आम आदमी पार्टी की नीतियों और कार्यक्रमों का वर्णन कीजिए।
आप प्रवक्ता ने कहा हमें नहीं जानकारी
जोशी ने इस विवादित प्रश्न पत्र की कॉपी मीडिया में भी शेयर की। उन्होंने कहा कि यह पेपर एक बच्चे से मंगवाया गया है। उन्होंने बताया कि हमने यह पेपर एक बच्चे से मंगवाया है। प्रश्न पत्र से रोल नंबर और क्यूआर कोड हटा दिया गया है। ताकि बच्चा यह पता न लगा सके कि पेपर कहां से आया है। उन्होंने दावा किया कि पेपर असली है। इस संबंध में जब आप प्रवक्ता और वरिष्ठ नेता से संपर्क किया गया तो उन्होंने कहा कि अभी इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है।