बड़ी उम्मीद : एसवाईएल विवाद पर आखिरकार पंजाब-हरियाणा बातचीत को तैयार

बड़ी उम्मीद : एसवाईएल विवाद पर आखिरकार पंजाब-हरियाणा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

दिल्ली में 4 दिन बाद मीटिंग में केंद्रीय मंत्री पाटिल ने होना है शामिल

पंजाब, 5 जुलाई। सतलुज यमुना लिंक नहर के विवाद पर फिर से पंजाब और हरियाणा बातचीत के लिए तैयार हो गए हैं। केंद्र सरकार के न्यौते के बाद दिल्ली में नहर के निर्माण के मुद्दे पर पंजाब और हरियाणा के मुख्यमंत्रियों के बीच मीटिंग होगी।

जानकारी के मुताबिक केंद्र सरकार की अगुवाई में मध्यस्थता वार्ता 9 जुलाई को दिल्ली में होगी। जिसमें हरियाणा व पंजाब के सीएम नायब सिंह सैनी व भगवंत मान और केंद्रीय जल शक्ति मंत्री सीआर पाटिल मौजूद रहेंगे। पंजाब और हरियाणा इस मीटिंग में मजबूती से अपना पक्ष रखने की तैयारी कर रहे हैं। दोनों सीएम ने अधिकारियों को अब तक का ब्योरा तैयार करने के निर्देश दिए हैं। एसवाईएल के निर्माण में देरी को लेकर हरियाणा के सीएम सैनी कह चुके हैं कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा हरियाणा के पक्ष में स्पष्ट आदेश दिए जाने के बावजूद पंजाब की भगवंत मान सरकार सहयोग की बजाए टकराव की राह पर है।

दूसरी तरफ, पंजाब के सीएम भगवंत मान कह चुके हैं कि पंजाब में पानी की गंभीर स्थिति को देखते हुए सतलुज-यमुना-लिंक नहर के बजाए यमुना-सतलुज-लिंक नहर के निर्माण पर विचार किया जाना चाहिए।

यहां काबिलेजिक्र है कि इसी साल मई में सुप्रीम कोर्ट ने फिर से पंजाब और हरियाणा को मामले को सुलझाने के लिए केंद्र के साथ सहयोग करने का निर्देश दिया। सुप्रीम कोर्ट ने पहले जल शक्ति मंत्री को इस मामले में मुख्य मध्यस्थ नियुक्त किया था और उनसे कहा था कि वे केवल ‘मूक दर्शक’ बने रहने के बजाय सक्रिय भूमिका निभाएं।

————–