जालंधर 23 अक्टूबर। पंजाब के राज्यसभा सांसदों में फंड खर्च के मामले में बड़ा अंतर देखने को मिला है। केंद्र सरकार की वेबसाइट पर जारी आंकड़ों के मुताबिक, राज्यसभा सदस्य संत बलबीर सिंह सीचेवाल अपने साथियों में सबसे आगे हैं, जबकि आम आदमी पार्टी के राघव चड्ढा सबसे पीछे रहे। जानकारी के मुताबिक, 2022 से 2028 तक के लिए चुने गए छह राज्यसभा सदस्यों को अब तक कुल 101 करोड़ 11 लाख रुपए का फंड मिला है, लेकिन इनमें से सिर्फ 26 करोड़ 95 लाख रुपए ही खर्च किए गए हैं। यानी करीब 74 करोड़ रुपए की ग्रांट अब तक बंटी ही नहीं।
सीचेवाल हर समय लोगों की सेवा करते हैं- रिंकू
संत सीचेवाल ने अपने 14.72 करोड़ रुपए के फंड में से 9.34 करोड़ खर्च किए हैं, जो सबसे ज्यादा है। भाजपा नेता पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू ने कहा कि इसका बड़ा कारण संत सीचेवाल हर समय लोगों को बीच सेवा करते रहते हैं, उनको लोगों की मुश्किलों के बारे में पता है।
सीचेवाल के अलावा किसी भी सांसद ने 50 फीसदी फंड खर्च नहीं किया
भाजपा नेता पूर्व सांसद सुशील कुमार रिंकू ने कहा कि आम आदमी पार्टी के सांसदों ने अपने कार्यकाल का आधा समय बीत जाने के बावजूद फंड का आधा हिस्सा भी खर्च नहीं किया। यहां तक कि बाढ़ पीड़ितों की मदद के लिए भी इन फंडों का उपयोग नहीं किया गया।
सीचेवाल ने 14 जिलों को दीं 215 पानी की टंकियां
उन्होंने कहा कि संत सीचेवाल ने अपने फंड का बड़ा हिस्सा पानी की टंकियों के वितरण पर खर्च किया। उन्होंने करीब 7.5 करोड़ रुपए की लागत से 14 जिलों में 215 टंकियां दीं। दिलचस्प बात यह है कि जहां बाकी पांच राज्यसभा सदस्य करोड़पति या अरबपति हैं, वहीं सीचेवाल की संपत्ति लाखों में ही है।
—