पंजाब में अब घना कोहरा छाने लगा है। सोमवार सुबह अमृतसर में साढ़े आठ बजे दृश्यता घटकर 800 मीटर रह गई। न्यूनतम तापमान भी सामान्य से करीब 2.5 डिग्री कम दर्ज किया गया। फरीदकोट इस समय सबसे ठंडा रहा, जहां तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया।
आने वाले दिनों में बढ़ेगी ठंड
मौसम विभाग के अनुसार अगले छह दिनों तक मौसम शुष्क रहने की संभावना है, लेकिन तापमान में और गिरावट के साथ सर्दी बढ़ने के आसार हैं। प्रदेश के अधिकतम तापमान में औसतन 0.5 डिग्री की गिरावट दर्ज हुई है। फिलहाल अधिकतम तापमान सामान्य के करीब है, हालांकि अमृतसर, लुधियाना और पटियाला का पारा सामान्य से नीचे चला गया है। मानसा सबसे गर्म रहा, जहां अधिकतम तापमान 29.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
पराली जलाने के 95 नए मामले
पराली जलाने की घटनाएं पंजाब में लगातार जारी हैं, जिससे वायु गुणवत्ता प्रभावित हो रही है। भले ही पिछले वर्षों की तुलना में मामलों में कमी आई है, लेकिन शून्य तक पहुंचना अभी दूर लगता है। रविवार को पराली जलाने के 95 नए मामले मिले। इस सीजन में अब तक कुल 4,972 मामले दर्ज किए जा चुके हैं।
एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) कई शहरों में खराब स्तर पर है, हालांकि यह 200 से 250 के बीच सीमित रहा। सबसे खराब हवा मंडी गोबिंदगढ़ (AQI 225) और रूपनगर (AQI 213) की रही। इसके अलावा खन्ना का AQI 191, लुधियाना 159, जालंधर 147, पटियाला 142, बठिंडा 139 और अमृतसर का AQI 121 दर्ज किया गया।





