महिला के चेहरे और छाती पर मिले चाकू के निशान, आशंका-प्रेमी ने लूट की नीयत से मार डाला
अंबाला कैंट, 13 अक्टूबर। यहां बोह गांव के पास शिव शक्ति कॉलोनी में प्रेमी संग लिव इन में रहने वाली महिला का चाकू से गोदकर कत्ल कर दिया गया। पुलिस ने शक के आधार पर उसके प्रेमी को हिरासत में ले लिया।
जानकारी के मुताबिक मृतका की पहचान सिरसा से रानियां निवासी प्रिया उम्र 34 साल के रूप में हुई। पुलिस ने शव को कैंट के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। महिला दो बच्चों की मां थी। पति को छोड़ने के बाद आठ माह से बोह गांव निवासी प्रेमी के साथ ही किराए के मकान में रह रही थी। महिला के चेहरे व छाती पर कई जगह चाकू के निशान मिले हैं। सीन ऑफ क्राइम की टीम ने भी मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए।
पुलिस को आशंका है कि लूट की नीयत से प्रेमी ने ही शायद महिला को मार डाला। मामला उलझा होने के कारण पुलिस गहनता से जांच कर रही है। महेश नगर थाना प्रभारी जतिंद्र के मुताबिक महिला अपने प्रेमी के साथ लिव इन में रह रही थी। फिलहाल मामले की जांच जारी है।