अंबाला सिटी : नग्गल में जलभराव का जायजा लेने पहुंचे सीएम सैनी

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

मौके पर पहुंचे किसानों और पुलिस के बीच हुआ टकराव

अंबाला सिटी, 7 सितंबर। यहां नग्गल में जलभराव की स्थिति का जायजा लेने हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी पहुंचे। उनसे मिलने के लिए भारतीय किसान यूनियन (शहीद भगत सिंह) के पदाधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।
जानकारी के मुताबिक किसानों की उपस्थिति को देखते हुए प्रशासन सतर्क हो गया और उन्हें रोकने का प्रयास किया। इस दौरान पुलिस और किसानों के बीच तनाव की स्थिति बन गई। किसान नेता जय सिंह जलबेड़ा और अन्य कार्यकर्ता मुख्यमंत्री से मिलने के लिए आगे बढ़े, जिसके बाद पुलिस ने उनका पीछा किया। जय सिंह ने एक महिला पुलिस अधिकारी पर धार्मिक चिन्ह तोड़ने और कपड़े फाड़ने का गंभीर आरोप लगाया।
किसानों की समस्याएं सुनते ही मुख्यमंत्री सैनी ने तुरंत स्थिति को संभाला और उनको बातचीत के लिए बुलाया। किसान नेताओं ने सीएम को नग्गल क्षेत्र में जलभराव की गंभीर समस्या से अवगत कराया। साथ ही कहा कि सेगती गांव के पास बने बांध के कारण जलभराव हो रहा है। पहले वहां पानी की निकासी के लिए मोटर लगी होती थी, जो अब बंद है। उन्होंने मोटरों को फिर से चालू करने की मांग की।
किसान नेताओं ने मुख्यमंत्री को यह भी बताया कि 28 जुलाई को अंबाला शहर की नई अनाज मंडी में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान भी प्रशासन ने उन्हें मुख्यमंत्री से मिलने से रोका था। इस पर मुख्यमंत्री सैनी ने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। किसान नेताओं ने महिला पुलिस अधिकारी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। उनका कहना है कि सोमवार को नग्गल थाने का घेराव किया जाएगा और इस संबंध में शिकायत दर्ज की जाएगी।
————

Leave a Comment