अहमदाबाद विमान हादसा : पीएम मोदी ने किया घटनास्थल का दौरा, घायलों से भी मिले

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

अब तक 265 शव अस्पताल लाए गए, इनमें 241 विमान सवार, डीएनए सैंपलिंग शुरू मृतकों की पहचान को

नई दिल्ली, 13 जून। अहमदाबाद में गत दिवस प्लेन क्रैश में मारे गए लोगों में से अब तक 265 लोगों के शव बरामद हो चुके हैं। इनमें से 241 मृतक विमान में सवार पैसेंजर्स और क्रू मेंबर्स थे। जबकि पांच मृतक उस मेडिकल हॉस्टल के हैं, जहां प्लेन क्रैश होकर गिरा था।

जानकारी के मुताबिक विमान जिस बीजे मेडिकल कॉलेज हॉस्टल पर गिरा, वहां 50 से ज्यादा लोग मौजूद थे। हालांकि, अभी तक स्पष्ट नहीं हो सका कि हॉस्टल में कितनी मौतें हुई हैं। चार एमबीबीएस छात्र और एक डॉक्टर की पत्नी के मारे जाने की खबर आ रही फिलहाल तक सामने आई। दूसरी तरफ प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शुक्रवार सुबह अहमदाबाद पहुंचे। सबसे पहले वह घटनास्थल का दौरा करने पहुंचे। इसके बाद वह सिविल अस्पताल गए, जहां वे करीब दस मिनट पीड़ितों से मिले और उनका हाल जाना।

यहां बता दें कि एअर इंडिया की बोइंग 787 ड्रीमलाइनर फ्लाइट AI-171 ने वीरवार दोपहर अहमदाबाद से लंदन के लिए उड़ान भरी थी। इसमें 169 भारतीय, 53 ब्रिटिश, 7 पुर्तगाली और एक कनाडाई नागरिक समेत कुल 230 यात्री सवार थे। दो मिनट बाद ही फ्लाइट क्रैश हो गई थी। इनमें 103 पुरुष, 114 महिलाएं, 11 बच्चे और 2 नवजात थे। बाकी 12 क्रू मेंबर्स थे। मृतकों में गुजरात के पूर्व सीएम विजय रूपाणी भी शामिल हैं, जबकि सिर्फ एक यात्री की जान बची है। अब प्लेन-क्रैश में मारे गए लोगों की पहचान के लिए डीएनए टेस्ट लिए जा रहे हैं। प्लेन क्रैश साइट पर एनएसजी की टीम भी जांच के लिए पहुंची है।

कंट्रोल-रुम खोला :

वहीं अहमदाबाद पुलिस स्निफर डॉग लेकर क्रैश साइट पर पहुंची है, ताकि मलबे में दबे किसी और जीवित व्यक्ति की तलाश की जा सके। दूसरी तरफ, एअर इंडिया ने अहमदाबाद, मुंबई, दिल्ली और गैटविक एयरपोर्ट पर मृतकों के परिजन की मदद के लिए हेल्प सेंटर खोला है। भारत के लिए 1800 5691 444 और भारत के बाहर से 8062779200 पर संपर्क कर सकते हैं।

———-

 

Leave a Comment