आप ने सिटी ब्यूटीफुल में 19 ऑब्जर्वर किए नियुक्त, वार्ड स्तर पर संगठन खड़ा करने की कवायद तेज
चंडीगढ़ 16 फरवरी। दिल्ली विधानसभा चुनाव में हार के बाद अब आम आदमी पार्टी में खलबली मची है। पार्टी संगठन को दुरुस्त करने की मंशा से आप हाईकमान ने चंडीगढ़ पर फोकस करना शुरु कर दिया है।
जानकारी के मुताबिक आप नेतृत्व ने चंडीगढ़ में 19 ऑब्जर्वर नियुक्त किए हैं। वार्ड स्तर तक संगठन बनाने के लिए आप के चंडीगढ़ प्रदेश अध्यक्ष विजयपाल सिंह की अध्यक्षता में मीटिंग में यह फैसला लिया गया। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी पार्षद व कार्यकर्ता लोगों के बीच में जाकर उनकी समस्याएं सुनेंगे। इस दौरान पार्टी के जनरल सेक्रेटरी ओंकार सिंह औलख और उपाध्यक्ष हरदीप सिंह, आभा बंसल, सचिव मीना शर्मा, सुखराज संधू एवं पार्टी के पार्षद, नगर निगम चुनाव में पार्टी के उम्मीदवार रहे और अन्य पदाधिकारीगण उपस्थित रहे।
इस दौरान पार्षद एवं पदाधिकारीगण को वार्ड कमेटी तैयार करने की जिम्मेदारी दी गई और वार्डों के लिए आब्जर्वर नियुक्त किए गए। साथ ही हर वार्ड में पांच मेंबरी कमेटी बनाई गई। जिसमें एक संयोजक और अन्य सदस्य को शामिल किया गया, जो आने वाले 15 दिनों के अंदर वार्ड कमेटी के पदाधिकारियों का चयन करेंगे। ताकि जमीनी स्तर पर पार्टी की टीम मजबूत हो सके।
————