अमित शाह के बाद अब पीएम मोदी 17 अक्टूबर आएंगे हरियाणा

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

4 अक्टूबर — प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दीपावली से पहले हरियाणा का दौरा कर सकते हैं मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने उन्हें आमंत्रित किया है और सरकार के एक साल के फैसलों की जानकारी दी। दीनदयाल लाडो लक्ष्मी योजना के तहत महिलाओं को 2100 रुपये मासिक मिलेंगे। भाजपा सरकार इस कार्यकाल में 90 चुनावी वादे पूरे करने का प्रयास कर रही है। उनके अंबाला छावनी आने की ज्यादा संभावना है। भाजपा के रणनीतिकार प्रधानमंत्री को रोहतक भी लाने की सोच रहे हैं। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी के नेतृत्व वाली भाजपा सरकार के इस कार्यकाल का पहला साल 17 अक्टूबर को पूरा हो रहा है। इसलिए उम्मीद है कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी भाजपा सरकार के कार्यकाल का एक साल पूरा होने पर आयोजित किए जाने वाले किसी भव्य कार्यक्रम में शामिल होंगे। मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने बुधवार को नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से मिलकर उन्हें हरियाणा आने का निमंत्रण दिया है। मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री को हरियाणा सरकार द्वारा एक साल के कार्यकाल के दौरान लिए गए महत्वपूर्ण फैसलों की भी जानकारी दी। हरियाणा दिवस पर पहली नवंबर को पात्र महिलाओं के खाते में 2100 रुपये आने चालू हो जाएंगे। उससे पहले पंजीकरण की प्रक्रिया चलती रहेगी।
हिमाचल प्रदेश व तेलंगाना की कांग्रेस सरकारों ने भी ऐसी घोषणा की थी। पंजाब की आम आदमी पार्टी की सरकार ने भी महिलाओं को भत्ता देने की घोषणा की, मगर किसी भी राज्य में महिलाओं को यह राशि अभी तक प्रदान नहीं की गई है।
हरियाणा में भाजपा ने लगातार तीसरी बार सरकार बनाई है। नायब सिंह सैनी दूसरी बार राज्य के मुख्यमंत्री बने हैं। पहली बार मार्च 2024 में उन्होंने तत्कालीन मुख्यमंत्री मनोहर लाल के स्थान पर मुख्यमंत्री का दायित्व संभाला था। प्रधानमंत्री का हरियाणा दौरा यदि फाइनल हुआ तो वे अगस्त 2014 से अब तक 17वीं बार हरियाणा आएंगे। अभी तक मोदी 16 बार हरियाणा आ चुके हैं। पीएम मोदी ने पिछले 11 वर्षों से देश का नेतृत्व करने के साथ-साथ हरियाणा को अनेक दूरगामी एवं कल्याणकारी योजनाएं प्रदान की हैं। गांवों में 20 वर्ष से अधिक समय से पंचायती भूमि पर बने मकानों के मालिकों को मालिकाना हक देकर बड़ी राहत दी गई है। हरियाणा में ‘लखपति दीदी’ योजना से लाखों महिलाएं आत्मनिर्भर बनीं हैं। दिव्यांग पेंशन का दायरा बढ़ाकर हजारों लाभार्थियों तक पहुंचाया गया और श्रमिकों को करोड़ों रुपये की वित्तीय सहायता दी गई है। हरियाणा में किसानों को 24 अधिसूचित फसलों पर एमएसपी मिलने का दावा सरकार कर रही है। फिलहाल प्रदेश के 77 लाख से अधिक परिवारों को 1,020 से भी अधिक योजनाओं का लाभ घर बैठे मिलने का दावा सरकार ने किया है।