जालंधर, 4 सितंबर। यहां सेंट्रल हल्के से आम आदमी पार्टी के विधायक रमन अरोड़ा करप्शन केस की साजिश में जेल में बंद थे। उन्हें हाईकोर्ट से रेगुलर बेल मिल गई, लेकिन अब उन पर थाना रामा मंडी की पुलिस ने जबरन वसूली की धाराएं लगा केस दर्ज कर उनको फिर से अरेस्ट कर लिया।
जानकारी के मुताबिक इस केस में पीड़ित व्यक्ति ने आरोप लगाया कि विधायक ने डरा-धमका कर उनसे वसूली की थी। विधायक अरोड़ा की थाना रामा मंडी में अच्छी पकड़ रही है। उनके जेल जाने के बाद पार्टी ने सेंट्रल हल्के का इंचार्ज उद्योगपति नितिन कोहली को लगाया था। जिसके बाद चर्चा थी कि सेंट्रल हलके में उप-चुनाव हो सकते हैं, लेकिन अरोड़ा ने अपने विधायक पद से इस्तीफा नहीं दिया था। इसके बाद अब अगस्त महीने के आखिर में विधायक के खिलाफ नई शिकायत आने पर पुलिस ने जांच दौरान मामला दर्ज कर लिया।
विधायक अरोड़ा नाभा जेल में बंद थे। वीरवार को उनको पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया और जल्द कोर्ट में पेश किया जाएगा। यहां बता दें कि एटीपी को विजिलेंस ने 14 मई को पकड़ा था, जबकि विधायक को 23 मई को उनके अशोक नगर घर से गिरफ्तार किया था। अरोड़ा के खुलासे के बाद साजिश में उनके बेटे राजन अरोड़ा, समधी राजू मदान, हरप्रीत कौर और मखीजा को आरोपी बनाया था। राजन को पहले ही कोर्ट से राहत मिल चुकी है। मखीजा और हरप्रीत कौर बेल पर आ चुके हैं। विधायक के घर से 6.30,245 रुपए और 1200 ग्राम सोने के जेवर बरामद हुए थे।
