पंजाब में आप नेता को सिर में मारी गोली, चंडीगढ़ के पूर्व डीएसपी ने की फायरिंग

👇खबर सुनने के लिए प्ले बटन दबाएं

Listen to this article

पंजाब 29 अक्टूबर। रोपड़ में चंडीगढ़ पुलिस के पूर्व डीएसपी ने साथियों के साथ मिलकर आम आदमी पार्टी (आप) के नेता नितिन नंदा पर फायरिंग कर दी। उन पर 3 गोलियां चलाई गईं, जिनमें से एक गोली उनके सिर के पीछे लगी, जबकि 2 गोलियां उनके शरीर को छूकर निकल गईं। घायल नितिन नंदा को तुरंत सिविल अस्पताल आनंदपुर साहिब ले जाया गया। वहां प्राथमिक उपचार के बाद उनकी गंभीर स्थिति को देखते हुए डॉक्टरों ने उन्हें चंडीगढ़ पीजीआई रेफर कर दिया। अभी भी गोली सिर के अंदर फंसी हुई है, जिससे उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। घटना की सूचना मिलते ही आनंदपुर साहिब पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना बुधवार को आनंदपुर साहिब के अगमपुर चौक–जहाज रोड पर सामने आई। नंदा यहां विवाह समारोह में आए हुए थे। इस घटना की सूचना मिलते ही आप कार्यकर्ता भी अस्पताल पहुंचे।

पूर्व डीएसपी समेत 3 लोगों ने फायरिंग की

एसपी गुरदीप सिंह गोसल ने बताया कि सूचना मिलते ही एसएचओ और डीएसपी तुरंत मौके पर पहुंचे और घटना स्थल का निरीक्षण किया। फायरिंग में चंडीगढ़ पुलिस के एक पूर्व डीएसपी दिलशेर सिंह, राम कुमार, और एक अन्य व्यक्ति का नाम सामने आया है। एसपी गोसल ने बताया कि यह घटना आपसी संपत्ति विवाद से जुड़ी हो सकती है। उन्होंने कहा कि मौके से सबूत इकट्ठे कर लिए हैं। पुलिस ने पूरे इलाके में नाकाबंदी कर दी है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए दबिश दी जा रही है।

Leave a Comment