आप के रास सांसद संजीव अरोड़ा के विधायक बनने से खाली है एक सीट
चंडीगढ़, 5 अक्टूबर। पंजाब में सत्ताधारी आम आदमी पार्टी ने ट्राइडेंट ग्रुप के चेयरमैन राजिंदर गुप्ता को राज्यसभा उम्मीदवार घोषित किया है। आप के राष्ट्रीय महासचिव संदीप पाठक ने इसकी अधिकारिक घोषणा की।
यहां काबिलेजिक्र है कि गुप्ता ने पंजाब आर्थिक नीति एवं योजना बोर्ड के उपाध्यक्ष पद से इस्तीफा दे दिया था। जिसे सरकार ने मंजूर भी कर लिया। तभी चर्चाएं शुरु हो गईं थी कि उनको रास उम्मीदवार बनाया जाएगा। यहां बता दें कि आप से रास सांसद संजीव अरोड़ा लुधियाना वेस्ट सीट से उप चुनाव में विधायक बन गए थे। लिहाजा पंजाब में एक राज्यसभा सीट खाली हो गई थी। संयोग से अरोड़ा और गुप्ता दोनों ही नामी कारोबारी होने के साथ लुधियाना से ताल्लुक रखते हैं। जबकि गुप्ता पंजाब के नामी इंडस्ट्रियलिस्ट्स में से एक हैं।
पहले इस इस खाली रास सीट से आप सुप्रीमो अरविंद केजरीवाल या दिल्ली के पूर्व डिप्टी सीएम मनीष सिसोदिया के राज्यसभा जाने की चर्चा थी। विरोधियों द्वारा उठाया यह मुद्दा तूल ना पकड़े, शायद अंतिम क्षणों में पार्टी ने यह सियासी-खतरा मोल नहीं लिया।
राज्यसभा चुनाव का नोटिफिकेशन 6 अक्टूबर को होगा और 13 अक्टूबर नामिनेशन की आखिरी तारीख है। 14 अक्टूबर को स्क्रूटनी के बाद 16 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे। 24 अक्टूबर को वोटिंग और इसी दिन शाम को काउंटिंग होगी। विपक्षी दल कांग्रेस, शिअद और भाजपा ने अभी चुनाव लड़ने का फैसला नहीं लिया। पंजाब से राज्यसभा से सभी 6 मेंबर आप के हैं। इस चुनाव में आप की जीत तय मानी जा रही है। दरअसल सूबे में 117 में से 93 विधायक आम आदमी पार्टी के हैं। वहीं, शिरोमणि शिअद के 3, कांग्रेस के 16, भाजपा के 2, बसपा से एक और एक आजाद विधायक है। तरनतारन सीट खाली पड़ी है।
———-